App

बिहार में बढ़ी ठंड और सुबह का कोहरा, जानिए कैसा रहेगा मौसम का पूरा अपडेट

उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों में इन दिनों सुबह के वक्त हल्का कोहरा चादर की तरह फैला नजर आ रहा है. दिन चढ़ने के साथ ही जब गुनगुनी धूप खिलती है, तो लोगों को ठंड से राहत मिल जाती है.

बिहार में बढ़ी ठंड और सुबह का कोहरा, जानिए कैसा रहेगा मौसम का पूरा अपडेट
Image Credit: बिहार में बढ़ी ठंड और सुबह का कोहरा (Photo-AI)

बिहार में ठंड ने धीरे-धीरे अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है. जैसे-जैसे नवंबर का महीना आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे सुबह और शाम की सिहरन भी महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक, 14 नवंबर शनिवार को पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क और आसमान साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

तापमान और पिछले 24 घंटों का हाल

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम अमूमन सामान्य और स्थिर बना रहा. कहीं भी बारिश की कोई दर्ज नहीं की गई. तापमान भी सामान्य स्तर पर ही चल रहा है. शनिवार को खरना के पावन अवसर पर बिहार का अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि रात और सुबह के वक्त न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है.

ठंड के साथ हवा की गुणवत्ता भी हुई खराब

एक तरफ जहां मौसम का मिज़ाज बदल रहा है. दूसरी तरफ कई जिलों में हवा की सेहत (AQI) बिगड़ती नजर आ रही है. ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आज आरा, हाजीपुर, बेतिया और दरभंगा जैसे शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) थोड़ा खराब श्रेणी में रह सकता है. हालांकि, गनीमत यह है कि अभी तक किसी भी जिले में स्थिति बहुत ज्यादा चिंताजनक नहीं हुई है, फिर भी प्रदूषण के स्तर पर नजर रखी जा रही है. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल लोगों के मन में महापर्व छठ को लेकर था, जिसपर मौसम विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है.

श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा

मौसम विभाग का कहना है कि 15 नवंबर (संध्या अर्घ्य) और 16 नवंबर (उषा अर्घ्य) के दोनों ही महत्वपूर्ण दिनों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

इन इलाकों में छा सकता है घना कोहरा

भले ही प्रदेश के सभी 38 जिलों में मौसम के मुख्य तौर पर शुष्क रहने के आसार हों, लेकिन कुछ जिलों में सुबह के वक्त धुंध और कोहरे का असर थोड़ा ज्यादा देखने को मिल सकता है.

इन जिलों में असर

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, बक्सर, भागलपुर, समस्तीपुर, भोजपुर और बेगूसराय जैसे जिलों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी कम हो सकती है.

इन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना

वहीं, सुबह का अर्घ्य देते समय (16 नवंबर को) उत्तर बिहार और सीमांचल के कुछ खास जिलों जैसे पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, अररिया और सीतामढ़ी में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More