App

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत, पर कैसा रहेगा बिहार का मौसम? देखें हर जिले का अपडेट

आज नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो रही है. पूरे बिहार में उत्साह साफ नजर आ रहा है. ऐसे में आज बिहार का मौसम कैसा रहने वाला है? आइए जानते हैं-

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत, पर कैसा रहेगा बिहार का मौसम? देखें हर जिले का अपडेट
Image Credit: बिहार मौसम का हाल (AI IMAGE)

बिहार का लोक आस्था का महापर्व छठ आज से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है. चार दिनों तक चलने वाले इस महान पर्व को लेकर राज्य में हर जगह उत्साह, उमंग और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है. घाटों की सफाई हो चुकी है, स्पीकर लग चुके हैं और छठी मईया के गीत बजाए जा रहे हैं. इस बीच, मौसम के मिजाज में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. राज्य में अब धीरे-धीरे ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है, जिससे सुबह और शाम के वक्त सिहरन महसूस होने लगी है.

कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

राजधानी पटना समेत कई जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा भी छाने लगा है, जिससे ठिठुरन बढ़ने लगी है और लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, महापर्व के इन चार दिनों के दौरान पूरे बिहार में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा. राहत की बात यह है कि राज्य में बारिश की कोई भी संभावना नहीं है, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.

राज्य में कैसा रहेगा तापमान का हाल

वहीं, तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. वर्तमान में राज्य का अधिकतम तापमान आमतौर पर 30 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. वहीं, अगले 3 से 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा, जो लगभग 18 डिग्री सेल्सियस से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. 

रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, पटना और गया में रात और सुबह के समय न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच रहा है, जिससे सुबह के वक्त हल्की ठंड और कनकनी का अहसास ज्यादा हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान भी सुबह के समय राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिलने से मौसम साफ हो जाएगा. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More