App

गोली मारी और शव लेकर हो गए फरार... टिंकू उर्फ विवेक हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, लाश की तलाश जारी

वैशाली के टिंकू उर्फ विवेक गायब कांड में 60 घंटे बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. कार्रवाई करते हुए 5 नामजद अभियुक्तों में से 2 को गिरफ्तार कर लिया है.

गोली मारी और शव लेकर हो गए फरार... टिंकू उर्फ विवेक हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, लाश की तलाश जारी
Image Credit: वैशाली टिंकू उर्फ विवेक हत्याकांड (जी मीडिया)

वैशाली जिले में चर्चित टिंकू उर्फ विवेक हत्याकांड मामले में पुलिस को घटना के करीब 60 घंटे के भीतर एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसएसपी शुभांक मिश्रा के दिशा-निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्तों में से दो आरोपियों को धर दबोचा है. इसके साथ ही इस वारदात में प्रयुक्त की गई संदिग्ध कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.

दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

मिली जानकारी के अनुसार, सराय थाना क्षेत्र से जुड़े इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने प्रिंस पासवान और गौरव कुमार नामक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसएसपी की ओर से बनाई गई विशेष टीम लगातार दबिश बना रही थी, जिसके परिणामस्वरूप इन दोनों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है.

खौफनाक वारदात के पीछे क्या है कहानी?

जांच के दौरान पुलिस ने उस होंडा डब्ल्यूआर-वी (Honda WR-V) कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01DR7357) को भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर टिंकू के शव को ठिकाने लगाने और मौके से फरार होने के लिए किया गया था. इस वाहन को देर रात सराय थाने के परिसर में सुरक्षित लाया गया. फोरेंसिक जांच के दौरान इस बरामद कार के अंदर खून के कई संदिग्ध धब्बे पाए गए हैं. पुलिस ने धब्बों को वैज्ञानिक जांच के लिए FSL भेज दिया है. रिपोर्ट के आने का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार में मिला खून किसका है और इस खौफनाक वारदात के पीछे की असल कहानी क्या है.

अब तक नहीं मिला मृतक टिंकू का शव

बता दें कि इस पूरे हत्याकांड में कुल 5 लोग नामजद हैं, जिनमें से 2 की गिरफ्तारी हो चुकी है, 3 फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं, अभी तक मृतक टिंकू का शव बरामद नहीं किया जा सका है, जो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है.

रिपोर्ट: राजकुमार सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More