)
छठ पर्व 2026: छठ महापर्व को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने कमर कस ली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात, शुक्रवार 13 नवंबर को रात 9 बजे छठ की तैयारियों की समीक्षा करेंगे. मुख्यमंत्री 5-कालिदास मार्ग स्थित सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक लेंगे. इसमें सभी जिलों के अधिकारी जुड़ेंगे. बैठक में छठ घाटों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर निर्देश दिए जा सकते हैं.
लखनऊ में तैयार हुए - 110 छठ घाट
राजधानी लखनऊ में नगर निगम ने छठ को स्वच्छ, सुरक्षित और जीरो वेस्ट बनाने की पूरी तैयारी कर ली है.
कुल घाट: 110
प्रमुख घाट: 47
छोटे घाट: 63
जोन: 8 जोनों में बंटे
लखनऊ नगर निगम ने इस बार आठों जोनों में प्रमुख छठ घाटों पर खास इंतजाम किए हैं. जोन-1 में लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-2 में लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-3 में बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट पर तैयारियां पूरी हैं. वहीं जोन-4 में गोमती नगर विस्तार, जोन-5 में स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार, जोन-6 में कुड़िया घाट और मेहंदी घाट, जोन-7 में कुकरैल घाट और जोन-8 में सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सजावट का काम पूरा हो गया है.
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल टॉयलेट, डस्टबिन, कंट्रोल रूम, हर घाट पर कंट्रोल रूम बनाया गया है, ताकि व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके.
छठ को जीरो वेस्ट पर्व बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष टीम लगाई है. घाटों पर सफाई मित्र तैनात रहेंगे. इनकी जिम्मेदारी पूजा के दौरान और पूजा के बाद भी घाटों को साफ रखना होगा, ताकि कहीं कचरा न फैले और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले.
आज की बैठक में सबसे ज्यादा जोर सुरक्षा पर रहेगा. घाटों पर भीड़ प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, कानून-व्यवस्था. मुख्यमंत्री अधिकारियों से जिलेवार तैयारियों का फीडबैक भी ले सकते हैं.