)
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने डबलिन में अमेरिकी दूत और कारोबारी स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर से खास मुलाकात की. कई घंटे चली बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शांति वार्ता की प्रक्रिया में यूरोप की सीधी भागीदारी पर सहमति बनी है. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने मीटिंग खत्म होने के बाद कहा, 'अगली तारीख पर यूरोप को भी अपनी बात रखने का अधिकार मिलेगा.' इसी बातचीत के बाद रूस और यूक्रेन के बीच बीते करीब पांच साल की सबसे बड़ी कैदियों की अदला-बदली होने का ऐलान कर दिया गया. आपको बताते चलें अमेरिकी दूतों ने हाल ही में क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी और वो वहीं से शांति प्रयासों को नई रफ्तार देने के लिए आयरलैंड रवाना हुए थे, जहां पहले से मौजूद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से उन्होंने खास बातचीत की.
इस बातचीत के दौरान कुशनर और विटकोफ ने जेलेंस्की को पुतिन के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में खुलकर जानकारी दी. अमेरिकी दूतों ने इस बातचीत को समाधान निकालने की दिशा में उठाया गया एक सार्थक कदम बताया. इस मीटिंग से पहले अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधियों ने दो दिन तक महामंथन किया था.
जेलेंस्की ने बातचीत खत्म होने के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'अगली बैठक में यूरोप भी शांति वार्ता करने वाली टीम में एक पक्षकार कै हैसियत से बैठेगा. ये हमारे लिए महत्वपूर्ण है. भविष्य में हम यूरोपीय संघ के सदस्य होंगे. हम युद्धबंदियों की अदला बदली करेंगे. यह युद्धबंदियों की अब तक की सबसे बड़ी अदला बदली होगी. हमारे सैनिक घर लौटेंगे.'
कुशनर और विटकॉफ के साथ मुलाकात के बाद जेलेंस्की ने बताया कि कैदियों की अदला-बदली को लेकर एक समझौता हुआ है. फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर हमले के बाद से, यह कैदियों की अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली होगी.
रूस-यूक्रेन युद्ध के एक हजार से ज्यादा युद्धबंदी घर लौटेंगे, अमेरिकी दूतों से बातचीत के बाद जेलेंस्की का बड़ा ऐलान #RussiaUkraineWar #RussiaUkraine #worldnews https://t.co/7kpDkwK2yg
— Shwetank Ratnamber (@swwetanksr) November 13, 2026
जेलेंस्की ने कहा, 'हमारे सैनिक घर लौटेंगे. यह एक ठोस नतीजा है. यह परिवारों के लिए और हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण और सफल बात है कि लोग अपने परिवारों के पास वापस लौट सकेंगे. इस बार1,000 के बदले 1,000, या 1,500 के बदले 1,500 कैदियों की अदला-बदली पर बात हो रही थी. जल्द ही वो दिन आएगा, जब हमारे युद्धबंदी सैनिक यूक्रेन की महान धरती पर लौटेंगे. पूरा देश उनका स्वागत करने को बेकरार है.
माना जा रहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के खात्मे का अधिकारिक ऐलान फरवरी, 2027 से पहले कराने के लिए इस तरह की कवायदों में जमकर पसीना बहाया जा रहा है.