)
पाकिस्तान के बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले से एक बड़ी घटना की जानकारी सामने आई है. यहां पर एक पाकिस्तानी मिलिट्री कैंप पर आत्मघाती हमला हुआ है. इस हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान के अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है. BLA ने दावा किया कि इस हमले में कम से कम 18 पाकिस्तानी सैनिकों की जान गई है. वहीं, इस घटना का वीडियो भी BLA की ओर से जारी किया गया है. हालांकि, बलूचिस्तान पुलिस का दावा है कि मिलिट्री कैंप पर किए गए इस हमले को नाकाम कर दिया गया.
दरअसल, ये हमला बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले के कनक इलाके में हुआ था. यहां पर एक हमलावर पहुंचा और विस्फोटकों से भरा ट्रक से सीधे मिलिट्री कैंप में टक्कर मार दी. विस्फोटकों के बाद बंदूकों से लैस दूसरे BLA के लड़ाकों ने कैंप पर हमला बोल दिया.
जहां एक ओर बीएलए का दावा है कि है कि इस आत्मघाती हमले में 18 पाक सैनिकों की जान गई है, तो बलूचिस्तान पुलिस ने दावा किया कि मिलिट्री कैंप पर हमले को नाकाम कर दिया गया. त्वरित एक्शन में बीएलए के तीन लड़ाके मारे गए. पुलिस ने कहा कि आतंकवादियों ने एक विस्फोटक से भरे टैंकर को मिलिट्री चौकी से टकराने की कोशिश की, जिसको जवानों ने नाकाम कर दिया.
पुलिस का कहना है कि इस धमाके के कारण आसपास के रिहायशी इलाकों के मकानों को नुकसान पहुंचा है. घटना में दो स्थानीय नागरिकों की जान गई और 16 लोग घायल हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तानी बलों की जवाबी कार्रवाई में तीन चरमपंथी मारे गए. हालांकि, पुलिस ने पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है.
बीएलए की ओर से इस हमले का वीडियो भी जारी किया गया है. हालांकि, इसकी सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक वाहन मिलिट्री कैंप की ओर बढ़ रही है फिर उसमें एक जोरदार धमाका होता है. धमाके में कैंप की पूरी इमारत तबाह हो गई. दावा किया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. वीडियो में देखा जा रहा है कि ब्लास्ट के बाद दूसरे हमलावर चौकियों की ओर गोलीबारी कर रहे हैं.
The BLA released a video of its recent attack in #Mastung are of #Balochistan, claiming that it had completely destroyed main camp and kill all personnel on spot. The #BLA stated that two of its units carried out the attack: Majeed Brigade and the Fateh squad. #Pakistan #Quetta
— Kohzad Baluch (@KohzadBaluch) November 12, 2026
इस आत्मघाती हमले को लेकर बीएलए की ओर से बताया गया कि उसकी फियादीन शाखा मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया था. वहीं, फतेह स्क्वाड के सदस्यों की ओर से इस हमले के बाद गोलीबारी की भूमिका निभाई गई. इस पूरे कांड में बीएलए की ओर से बताया गया कि आत्मघाती हमलावर ओसामा शाहवानी उर्फ वद्दू था. इस हमले में कम से कम 18 लोगों की जान गई है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं.