App

Nvidia में भूचाल! CEO जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे की खबर से एक दिन में डूबे अरबो डॉलर, सहम गया AI मार्केट

Nvidia के सीईओ जेन्सेन हुआंग के अचानक इस्तीफे और उपजे विवाद के कारण ग्लोबल एआई मार्केट में भारी भूचाल आ गया है. एक ही दिन में निवेशकों के अरबों डॉलर डूबने और कंपनी के शेयरों में आई बड़ी गिरावट की पूरी खबर पढ़ें.

Nvidia में भूचाल! CEO जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे की खबर से एक दिन में डूबे अरबो डॉलर, सहम गया AI मार्केट
Image Credit: जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे की खबर से हिला शेयर बाजार: Nvidia के शेयरों में आई भारी गिरावट, डूबे अरबों डॉलर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया से एक बहुत बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार Nvidia के सीईओ और सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग के इस्तीफे की खबरों ने बाजार में हलचल मचा दी है. इस खबर के आते ही अमेरिकी शेयर बाजार में Nvidia के शेयरों में भारी बिकवाली शुरू हो गई, जिससे निवेशकों को बड़ा झटका लगा है.

गुरुवार को जैसे ही अमेरिकी बाजार खुले, Nvidia के शेयरों में लगभग 13 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई. जनवरी 2025 के बाद से कंपनी के शेयरों में एक दिन में होने वाली यह सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है. इस भारी बिकवाली का सीधा असर कंपनी के मार्केट कैप पर पड़ा है.

4 लाख करोड़ डॉलर नीचे आई कंपनी

कुछ दिन पहले तक 5 लाख करोड़ डॉलर से अधिक की वैल्यू वाली इस कंपनी का बाजार मूल्य गिरकर अब 4 लाख करोड़ डॉलर के नीचे आ गया है. जुलाई 2025 के बाद यह पहला मौका है, जब Nvidia का मार्केट कैप इस स्तर से नीचे फिसला है. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इस एक दिन की गिरावट से कंपनी के मार्केट कैप में करीब 546 अरब डॉलर की भारी कमी आई है.

पूरे AI सेक्टर पर दिखा असर

Nvidia सिर्फ एक चिप निर्माता कंपनी नहीं है, बल्कि यह ग्लोबल AI इकोसिस्टम की रीढ़ मानी जाती है. अपने मजबूत चिप कारोबार के दम पर यह कंपनी पूरे AI इंफ्रास्ट्रक्चर को फंडिंग भी देती है. यही वजह है कि Nvidia के संकट में आते ही इससे जुड़ी अन्य कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली.

Nvidia की फंडिंग पाने वाली क्लाउड कंपनी CoreWeave के शेयर 16.6 प्रतिशत तक लुढ़क गए. इसके अलावा IREN और Applied Digital जैसी कंपनियों के शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई. विशेषज्ञों का मानना है कि Nvidia चूंकि AI इंफ्रास्ट्रक्चर की अगुवाई कर रही है और कई नई क्लाउड डेटा सेंटर कंपनियों को इसकी फंडिंग मिली है, इसलिए इसका मौजूदा संकट पूरे सेक्टर पर बड़ा असर डाल सकता है.

जेनसेन हुआंग को हुआ तगड़ा कागजी नुकसान

एनवीडिया की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 तक जेनसेन हुआंग के पास कंपनी के करीब 87.06 करोड़ शेयर थे, जो कुल हिस्सेदारी का लगभग 3.58% हिस्सा है. 11 नवंबर के शेयर भाव के आधार पर उनके इन शेयरों की कुल कीमत करीब 151 अरब डॉलर थी.

शेयरों में 13 प्रतिशत की गिरावट के बाद उनकी इस संपत्ति की वैल्यू घटकर करीब 131.5 अरब डॉलर रह गई है. यानी कागजी तौर पर उन्हें एक ही दिन में लगभग 19.5 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा है. हालांकि, यह साफ करना जरूरी है कि पद छोड़ने या इस्तीफा देने से किसी प्रमोटर या सीईओ की शेयर हिस्सेदारी खत्म नहीं हो जाती, वह अब भी कंपनी के बड़े हिस्सेदार बने हुए हैं.

कितनी बड़ी है Nvidia कंपनी?

कैलिफोर्निया (अमेरिका) में मुख्यालय वाली Nvidia की स्थापना साल 1993 में जेनसेन हुआंग, क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम ने मिलकर की थी. आज यह दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप बनाने वाली कंपनी है. इसके दमदार जीपीयू (GPU) का इस्तेमाल आधुनिक AI मॉडल तैयार करने, सुपर कंप्यूटर, डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग और गेमिंग इंडस्ट्री में बड़े पैमाने पर होता है.

आर्थिक मोर्चे पर भी कंपनी बेहद मजबूत स्थिति में रही है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का कुल रेवेन्यू 215.9 अरब डॉलर और शुद्ध मुनाफा (Net Profit) करीब 120 अरब डॉलर दर्ज किया गया था. अक्टूबर 2026 में तो कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन 5.26 लाख करोड़ डॉलर के आंकड़े को पार कर गया था. अब इस अचानक आए भूचाल के बाद बाजार की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कंपनी इस झटके से कितनी जल्दी उबर पाती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More