)
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की लीद से तैयार हो रहे 'फायर पैलेट्स' अब कड़ाके की ठंड में श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित हो रहे हैं. पर्यटन विभाग के इस अनूठे इनोवेशन से न सिर्फ तीर्थयात्रियों को गर्म पानी मिल रहा है, बल्कि अब इसे लेंटाना घास और पिरुल से जोड़कर जंगलों को आग से बचाने की भी बड़ी तैयारी शुरू हो गई है.
उत्तराखंड में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का एक बेहतरीन तालमेल देखने को मिल रहा है. केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चलने वाले घोड़े और खच्चरों की लीद से बायोफ्यूल ब्रिकेट्स (फायर पैलेट्स) बनाए जा रहे हैं. पर्यटन सचिव धीरज गर्बियाल के मुताबिक, देश में इस तरह की पहल पहली बार पर्यटन विभाग की ओर से की गई है. इस प्रोजेक्ट को अब प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी भी मिल चुकी है. जिला प्रशासन, स्थानीय एनजीओ और विभागीय टीमों के सहयोग से शुरुआती चुनौतियों को पार करते हुए इस प्रयोग को पूरी तरह सफल बनाया गया है.
सोनप्रयाग से केदारनाथ तक के पैदल मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में खच्चर चलते हैं. घोड़े खच्चर लीद लंबे समय से स्वच्छता और पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती थी. बारिश में यह लीद बहकर मंदाकिनी और आगे गंगा नदी तक पहुंचकर जल प्रदूषण का खतरा बढ़ाती थी. यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लीद के ढेर लगने से यात्रियों को दुर्गंध और परेशानी का सामना करना पड़ता था. अब इसी बेकार कचरे को इकट्ठा कर उपयोगी ईंधन में बदला जा रहा है, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण दोनों मोर्चों पर सफलता मिल रही है.
इस इनोवेशन का सबसे बड़ा फायदा सीधे तौर पर केदारनाथ धाम में मिल रहा है. उत्तराखंड के सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल ने बताया है कि केदारनाथ के सोनप्रयाग में बायोफ्यूल तैयार करने का पहला प्लांट पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इंस्टॉल किया गया था. यहां तैयार इन फायर पैलेट्स का इस्तेमाल बॉयलर और हीटिंग सिस्टम चलाने में किया जा रहा है. केदारनाथ में तापमान शून्य से नीचे (कई बार माइनस दो डिग्री तक) चले जाने पर पानी जम जाता है. इन पैलेट्स की मदद से पानी गर्म कर यात्रियों को पीने और हाथ धोने के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. सरकार अब CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के जरिए इसकी क्षमता को और बढ़ाने की योजना बना रही है, ताकि बड़े पैमाने पर इसका लाभ मिल सके.
इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद पर्यटन विभाग इस दायरे को और बढ़ाने जा रहा है. अब इसमें लेंटाना घास और पिरुल (चीड़ की पत्तियां) को भी शामिल किया जा रहा है. सचिव पर्यटन का कहना है कि लेंटाना एक तेजी से फैलने वाली झाड़ी है, जो स्थानीय वनस्पतियों को नष्ट करती है और गुलदार जैसे वन्यजीवों के छिपने से मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ाती है. वहीं पिरुल और लेंटाना गर्मियों में जंगलों की आग (वनाग्नि) को गंभीर बनाते हैं. ग्रामीण विकास विभाग और आजीविका मिशन की 'रीप परियोजना' के साथ मिलकर इन्हें जंगलों से हटाने और इनसे फायर पैलेट्स व अन्य बायो-प्रोडक्ट बनाने की तैयारी है. इससे वनाग्नि का खतरा कम होगा और स्थानीय स्तर पर ग्रामीण रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
पर्यटन विभाग इस मॉडल को सिर्फ केदारनाथ तक सीमित नहीं रखना चाहता. आने वाले समय में इसे यमुनोत्री धाम और हेमकुंड साहिब के यात्रा मार्गों पर भी लागू करने की पूरी तैयारी है. इन ऊंचाई वाले और कठिन यात्रा मार्गों पर भी घोड़े-खच्चरों की लीद का वैज्ञानिक निस्तारण कर ठंड के दौरान ऊर्जा और स्वच्छता की समस्या का एक साथ समाधान निकाला जाएगा. अगर यह मॉडल हिमालयी राज्यों में बड़े पैमाने पर सफल होता है, तो यह स्वच्छता, वैकल्पिक ऊर्जा और ग्रामीण आजीविका का एक सशक्त उदाहरण बनेगा.
(देहरादून से सुरेंद्र डसीला की रिपोर्ट)