App

नवादा में क्रिकेट खेलने के विवाद में 17 वर्षीय आदित्य की पीट-पीटकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम

नवादा में क्रिकेट खेलने के विवाद में 17 वर्षीय आदित्य की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान आदित्य कुमार ने दम तोड़ दिया. मृतक का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई.

नवादा में क्रिकेट खेलने के विवाद में 17 वर्षीय आदित्य की पीट-पीटकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम
Image Credit: क्रिकेट खेलने के विवाद में 17 वर्षीय आदित्य की पीट-पीटकर हत्या (Photo- वीडियो ग्रैब)

बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. गंभीर रूप से घायल किशोर ने पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के पुरानी जेल रोड का है. जानकारी के अनुसार, क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद आदित्य कुमार के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया. हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

गुरुवार को जैसे ही मृतक का शव नवादा पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई. शव घर पहुंचते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी. मृतक की बहन सुलेखा कुमारी ने आरोप लगाया है कि पांच लोगों ने मिलकर उसके भाई के साथ मारपीट की.

घर के छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में आक्रोश और मातम का माहौल है. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. परिजनों की तरफ से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल, पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और जांच के नतीजों का इंतजार है.

भोजपुर में अपराधियों ने दो युवकों को गोलियों से भूना

दूसरी तरफ भोजपुर जिले में अपराधियों ने दो युवकों को गोलियों से भून डाला है, जिसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है. मामला गजराजगंज थाना के बड़पाली मोड़ का है, जहां बाइक से आ रहे दो युवकों पर हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर एक को मौत के घाट उतार दिया है.

मृतक की पहचान 24 वर्षीय रितिक सिंह के रूप में हुई है, जो नगर थाना क्षेत्र के मझौआ गांव का निवासी बताया जा रहा है और इसके पिता पुलिस विभाग में हवलदार के पद पर तैनात हैं. जबकि, एक अन्य घायल युवक 25 वर्षीय युवराज बताया जा रहा है, जो मझौआ गांव का ही निवासी है. बताया जा रहा है कि इससे पहले के विवाद में दोनों युवकों को गोली मारी गई थी.

एसडीपीओ आरा सदर सुशील कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना आपसी वर्चस्व को लेकर हुई है और कल दो ग्रुप के बीच फोन पर गाली-गलौज भी हुआ था, जबकि घायल युवराज की मां ने भी स्वीकार किया है कि फोन पर पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी और आज गोली मार दी गई.

रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More