)
मुंगेर जिला के जमालपुर में पत्नी की हत्या के मामले में एक मासूम बेटी की दर्दभरी आपबीती ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी दशरथ मंडल पर अपनी पत्नी पूजा देवी की चाकू से वार कर हत्या करने का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी अपनी दोनों बेटियों को लेकर जमालपुर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. वहीं, मां की हत्या की चश्मदीद 10 वर्षीय बेटी ने अपने पिता को कड़ी सजा देने की मांग की है.
मृतका की बेटी निकाह ने बताया कि रात में वह अपनी छोटी बहन इशिका के साथ सो रही थी. इसी दौरान पिता ने मां को बिस्तर से नीचे उतारकर दुपट्टे से बांध दिया. इसके बाद उनके शरीर पर चाकू से दो बार वार किया. मां की चीख सुनकर जब उसकी नींद खुली, तो देखा कि मां जमीन पर पड़ी थी और कुछ बोल नहीं रही थी.
बेटी ने बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली आंटी को बुलाने जा रही थी, लेकिन पिता ने उसे रोक दिया. इसके बाद पिता ने कहा कि तुम्हारी मां मर गई है, अब दूसरी मम्मी ले आएंगे. इस पर मासूम ने पिता से कहा कि मां तो मां होती है, उनकी जगह कोई दूसरी नहीं ले सकती.
बेटी के अनुसार, घटना से पहले रात में माता-पिता के बीच विवाद हुआ था. मां की हत्या के बाद पिता ने उनके शरीर पर चादर डाल दी और दोनों बेटियों को साथ लेकर थाने पहुंच गया.
मां को खोने के बाद मासूम बेटी ने अपने पिता के लिए सख्त सजा की मांग की है. इस घटना से मृतका के मायके पक्ष में शोक और आक्रोश है. हालांकि, परिजनों की ओर से अब तक थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस ने आरोपी दशरथ मंडल को थाने में रखा है.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार