App

रजाई-कंबल निकालने का वक्त आ गया! पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, वहीं कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

रजाई-कंबल निकालने का वक्त आ गया! पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
Image Credit: AI जनरेटेड इमेज...

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. जिसे देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि अब रजाई-कंबल निकालने का टाइम आ गया है. एक तरफ उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है, तो दूसरी ओर मैदानी इलाकों में ठंड और धुंध ने दस्तक दे दी है. 12 नवंबर को मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम ने दक्षिण और पूर्वी भारत की टेंशन बढ़ा दी है.

अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में 17 नवंबर तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है. हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में भी 15 नवंबर तक बर्फबारी और बारिश के आसार हैं. इससे तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है. उत्तराखंड में भी 14 नवंबर तक हल्की बारिश का अनुमान है.

पहाड़ों पर बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है. इसी का असर है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बदल रहा है. इन राज्यों में बर्फबारी हो रही है, जिसने ठिठुरन बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार, 13 नवंबर तक कश्मीर घाटी और लद्दाख में भारी बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने की आशंका है. इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है.

दिल्ली-NCR में धुंध का पहरा, बढ़ेगी ठिठुरन

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाने लगा है. राजधानी में फिलहाल तेज बारिश के आसार तो नहीं हैं, लेकिन हल्के बादल छाए रह सकते हैं. उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते पारा गिर सकता है. अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री और अधिकतम 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम, तूफान जैसा खतरा

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास लो-प्रेशर एरिया बन रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सिस्टम 14 नवंबर तक और मजबूत होगा. 15 नवंबर के आसपास यह डिप्रेशन का रूप ले सकता है. जिसका सीधा असर तटीय और समुद्री इलाकों पर पड़ेगा.

दक्षिण भारत के राज्यों में जमकर बरसेंगे बदरा

बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम से दक्षिण भारत में बारिश तेज हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 और 16 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. केरल और माहे में भी 17 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी 14 से 17 नवंबर के बीच बादल जमकर बरसेंगे.

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 से 17 नवंबर के बीच फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग ने देशभर के किसानों के लिए फसलों की कटाई और भंडारण में सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More