App

सियासी तल्खी के बीच सीएम सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात, चेहरे पर दिखी मुस्कान, हाथ मिलाते ही बदला अंदाज

बिहार की राजधानी पटना में सीएम सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर अचानक एक दूसरे के आमने-सामने आ गए. इसके बाद दोनों नेता ने एक दूसरे से हाथ मिलाया और कुछ बातचीत की. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

सियासी तल्खी के बीच सीएम सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात, चेहरे पर दिखी मुस्कान, हाथ मिलाते ही बदला अंदाज
Image Credit: सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात (Photo- वीडियो ग्रैब)

आरके सिन्हा के ब्रह्मभोज कार्यक्रम का एक वीडियो राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा बटोर रहा है. वजह साफ है जिन प्रशांत किशोर ने मंचों से लेकर मीडिया इंटरव्यू तक में सीएम सम्राट चौधरी पर कभी तीखे हमले करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी. वे आज उन्हीं के सामने गर्मजोशी से खड़े नजर आए.

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक-दूसरे पर तीखे हमले करने वाले दो नेताओं के चेहरे पर मुस्कान दिखी. हाथ मिलाया, मुस्कुराए, थोड़ी बातचीत की और फिर अलग-अलग रास्ते हो गए.

दरअसल, सियासी दुनिया में कब कौन सा समीकरण बदल जाए कुछ कहा नहीं जा सकता. चुनाव प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता और उनके पुराने आपराधिक मुकदमों को लेकर जिस तरह के कड़े तेवर दिखाए थे, उसे लोग भूले नहीं हैं. पीके ने तो कई बार उन्हें 'अनपढ़' तक कह डाला था. इतना ही नहीं, हाल ही में सम्राट चौधरी का एक पुराना विवादित बयान वायरल होने पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि जब सातवीं फेल को कुर्सी पर बिठा दिया जाएगा, तो ऐसी ही भाषा की उम्मीद की जा सकती है.

मगर, सियासत का एक दूसरा पहलू शिष्टाचार का भी होता है. दिवंगत भारतीय जनता पार्टी के नेता रहे आरके सिन्हा के श्रद्धांजलि और ब्रह्मभोज समारोह में जब दोनों नेता आमने-सामने आए, तो तल्खी की जगह एक सहज मुलाकात देखने को मिली. प्रशांत किशोर ने आगे बढ़कर सम्राट चौधरी से हाथ मिलाया और दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई. इस मौके पर उनके साथ ऋतुराज सिन्हा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य समेत कई अन्य जाने-माने चेहरे भी मौजूद थे.

ध्यान दीजिएगा कि बांकीपुर उपचुनाव के बाद यह पहला मौका था जब ये दोनों नेता एक मंच पर साथ दिखे. भले ही सियासी मैदान में इनके बीच वैचारिक और बयानी जंग जारी रहती हो, लेकिन इस मुलाकात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय राजनीति में व्यक्तिगत रिश्तों और औपचारिक शिष्टाचार की अपनी एक अलग जगह होती है.

30 अक्टूबर को पूर्व सांसद आरके सिन्हा का निधन, आज ब्रह्मभोज कार्यक्रम

बता दें कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद रविंद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) अब हमारे बीच नहीं रहे. उन्होंने 30 अक्टूबर को नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई. उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके गृह राज्य पटना लाया गया था. आज दिवंगत नेता आरके सिन्हा का ब्रह्मभोज कार्यक्रम में था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More