)
पिछले दिनों बांग्लादेश के एक जोड़े को सऊदी अरब में सजा-ए-मौत दी गई थी. कहा जा रहा था कि इन दोनों को मस्जिद में किस करने के जुर्म में उन्हें मौज की सजा दी गई है. हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. अब ऐसी ही एक खबर इंडोनेशिया से आ रही है. टिकटॉक पर लाइव किस करने के आरोप में 5 लोगों को दर्दनाक सजा सुनाई गई है. घटना इंडोनेशिया के आचेह राज्य की है, जहां इस्लामी कानून लागू है.
'द गार्जियन' के मुताबिक एक 22 साल के युवक और 25 वर्ष की महिला ने 27 फरवरी 2026 को कार के अंदर किस किया था. साथ ही इस हरकत का वीडियो ऑनलाइन टिकटॉक पर लाइव स्ट्रीम किया था. वीडियो वायरल हुआ तो मामला शरिया से जुड़े अफसरों तक पहुंचा. जिसके बाद उन्हें 2 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया. मामला अदालत तक पहुंचा और अदालत ने शादीशुदा नहीं होने के बावजूद एक-दूसरे को Kiss करने को शरिया कानून का उल्लंघन माना.
शरिया कानून की खिलाफवर्जी करने के जुर्म में अदालत ने उन्हें 25-25 लकड़ी की बेंत सरेआम मारने की सजा सुनाई थी. हालांकि, चार महीने जेल में बिताने के कारण सजा घटाकर 21-21 बेंत कर दी गई. यह सजा सार्वजनिक पार्क में लोगों की मौजूदगी में दी गई. इसी दिन चार अन्य लोगों को भी सार्वजनिक रूप से बेंत मारे गए. उन्हें ऑनलाइन जुआ खेलने और शादी के बाहर यौन संबंध बनाने के मामलों में दोषी पाया गया था.
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने इस सजा की आलोचना करते हुए इसे क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक बताया. संगठन का कहना है कि सिर्फ Kiss करने के लिए किसी को सार्वजनिक रूप से शारीरिक दंड देना मानवाधिकारों का उल्लंघन है.
इंडोनेशिया दुनिया का सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश है, लेकिन यहां शरिया कानून लागू नहीं है. आचेह को विशेष स्वायत्तता प्राप्त है. 2006 में केंद्र सरकार ने एक शांति समझौते के तहत इस प्रांत को इस्लामी कानून लागू करने का अधिकार दिया था. यहां शरिया कानून के तहत शादी के बाहर यौन संबंध बनाना, शराब पीना, जुआ खेलना, कुछ परिस्थितियों में अविवाहित पुरुष और महिला की शारीरिक नजदीकी बनाने जैसे मामलों में बेंत मारने की सजा दी जा सकती है.