App

शेयर बाजार में धमाल मचाएगी हल्दीराम, 10000 करोड़ के मेगा IPO की तैयारी शुरू; कब जारी होगा इश्यू?

एक और बड़ा आईपीओ अगले साल यानी 2027 में शेयर बाजार में दस्तक देने वाला है. इस आईपीओ का साइज 10000 करोड़ रुपये के करीब होने का अनुमान है. कंपनी इसके जिये एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यूएशन हासिल करने का टारगेट लेकर चल रही है.

शेयर बाजार में धमाल मचाएगी हल्दीराम, 10000 करोड़ के मेगा IPO की तैयारी शुरू; कब जारी होगा इश्यू?
Image Credit: (File Pic) हल्दीराम का आईपीओ लाने में 6 से 12 महीने का या इससे भी ज्यादा समय लग सकता है.

चाय के साथ भुजिया का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. उसमें भी अगर भुजिया हल्दीराम की हो तो 'सोने पर सुहागा' होता है. दशकों से हर भारतीय की जुबान पर राज करने वाली यह स्नैक्स कंपनी शेयर बाजार में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार है. जी हां, खबरों से आगे बढ़कर हल्दीराम ने मेगा आईपीओ (IPO) की तैयारियां शुरू कर दी हैं. ईटी की हालिया रिपोर्ट के अनुसार कंपनी 2027 के अंत तक शेयर बाजार में लिस्टिंग का प्लान कर रही है. हल्दीराम के आईपीओ का साइज 10,000 करोड़ रुपये के करीब होने का अनुमान है. इस IPO के जरिये कंपनी एक ट्रिलियन रुपये यानी एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यूएशन हासिल करने का टारगेट लेकर चल रही है.

10 हजार करोड़ रुपये के आईपीओ की कामयाबी के लिए हल्दीराम ने किसी तरह की कसर बाकी नहीं छोड़ी है. रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने पूरे प्रोसेस को मैनेज करने के लिए दिग्गज कंसल्टेंसी फर्म EY को नियुक्त किया है. आपको बता दें कि हल्दीराम स्नैक्स फूड का गठन दिल्ली स्थित हल्दीराम स्नैक्स और नागपुर स्थित हल्दीराम फूड्स इंटरनेशनल के मर्जर के बाद हुआ है. इस मामले से जुड़े एग्जीक्यूटिव ने बताया कि कंपनी के अलग-अलग बिजनेस फंक्शन के बीच बेहतर तालमेल और नियमों का पालन करने के लिए खास प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफिस यानी PMO टीम बना दी गई है.

देश के कंज्यूमर सेक्टर में बड़े-बड़े धमाके हो रहे

दरअसल, हल्दीराम का कारोबार काफी बड़ा है. देश से लेकर विदेश तक में हल्दीराम की ब्रांच फैली हैं. इसलिए शुरुआत में इसमें 6 से 12 महीने या इससे ज्यादा का समय लग सकता है. प्रपोज्ड आईपीओ में मौजूदा शेयरहोल्डर्स की तरफ से ऑफर फॉर सेल (OFS) और नए शेयरों का फ्रेश इश्यू, दोनों शामिल होने की उम्मीद की जा रही है. हल्दीराम की तरफ से यह प्लानिंग ऐसे समय में सामने आई है जब देश के भारत के कंज्यूमर सेक्टर में बड़े-बड़े धमाके हो रहे हैं.

कोका-कोला के आईपीओ पर भी शुरू हुआ काम

हल्दीराम के अलावा बेवरेज कंपनी कोका-कोला इंडिया भी अपने बॉटलिंग बिजनेस हिन्दुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स को शेयर मार्केट में उतारने की तैयारी कर रही है. इस इश्यू का साइज करीब साढ़े 8 हजार करोड़ से 10 हजार करोड़ रुपये होने की उम्मीद है. कोका-कोला इंडिया ने पिछले हफ्ते सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) भी जमा कर दिया है.

हल्दीराम में पहले ही पैसा लगा चुके ग्लोबल इन्वेस्टर्स

हल्दीराम में दुनिया के बड़े-बड़े ग्लोबल इन्वेस्टर्स पहले ही पैसा लगा चुके हैं. पैसा निवेश करने वालों की लिस्ट में सिंगापुर की टेमासेक, यूएई की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC), अल्फा वेव ग्लोबल और अमेरिका की एल कैटरटन जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं. टेमासेक, अल्फा वेव ग्लोबल और IHC ने मार्च-अप्रैल 2025 में हिस्सेदारी ली थी. उस समय यह डील देश के कंज्यूमर सेक्टर की सबसे बड़ी प्राइवेट इक्विटी डील थी. इस डील में हल्दीराम स्नैक्स की वैल्यू करीब 85,000 करोड़ रुपये आंकी गई थी. तीनों निवेशकों ने मिलकर करीब 15 प्रतिशत हिस्सेदारी ली थी.

85 प्रतिशत हिस्सेदारी अग्रवाल फैमिली के पास

15 प्रतिशत की हिस्सेदारी की बिक्री के बाद प्रमोटर अग्रवाल फैमिली ने बाकी की 85 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने पास रखी है. इसके बाद दिसंबर 2025 में एल कैटरटन ने भी कंपनी में निवेश किया था. विदेशी निवेशकों की तरफ से जताया गया भरोसा यह दिखाता है कि भारत के बढ़ते पैकेज्ड स्नैक्स मार्केट और अमेरिका व मिडिल ईस्ट में हल्दीराम के एक्सपेंशन प्लान में कितना दम है. इसके अलावा बात करें हल्दीराम की बैलेंस शीट की तो यह भी मजबूत नजर आ रही है. क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट के अनुसार FY 2025-26 की पहली छमाही में हल्दीराम ने 7,762 करोड़ का शानदार रेवेन्यू दर्ज किया है.

दोनों कंपनियों के बिजनेस को एक साथ जोड़ने के बाद शुरुआत में कुछ ऑपरेशनल चुनौतियां सामने आई थीं और अमेरिकी टैरिफ के कारण एक्सपोर्ट पर भी असर पड़ा था. लेकिन क्रिसिल की तरफ से यह माना गया कि जल्द ही कंपनी डबल-डिजिट रेवेन्यू ग्रोथ बनाए रखेगी. इसके पीछे कंपनी का लगातार बढ़ता डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, एक्सपोर्ट में उछाल और अलग-अलग कैटेगरी में नए प्रोडक्ट की लॉन्चिंग है. बेहतर कॉस्ट मैनेजमेंट की वजह से इसके मार्जिन भी पुराने ही लेवल पर बने रहने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More