)
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के एक फैसले की काफी चर्चा हो रही है, जिसमें उन्होंने उस जवान को सम्मानित किया, जिसने कुछ दिनों पहले उन्हें सार्वजनिक तौर पर फटकार लगाई थी. दरअसल, 'वेटरन्स डे' के मौके पर वार मेमोरियल पर अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और उनकी टीम हंसी-मजाक कर रहे थे. इससे जवान थॉमस इग्लेसियस काफी नाराज हो गए थे और उसने उन्हें जवानों की समाधि स्थल पर शांति बनाए रखने को कहा था. उसने साफ शब्दों में कहा कि इस स्मारक पर आने वाले सभी लोगों को हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखना होगा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. अब पीट ने थॉमस इग्लेसियस को 'जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' से सम्मानित किया है. उनके इस फैसले ने सभी को चौंका दिया है.
जवान के साथ शेयर की तस्वीर
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने जवान की बात को दिल पर नहीं लिया, बल्कि इसके बाद भी उसे सम्मानित किया है. पीट हेगसेथ ने इस सम्मान समारोह की एक तस्वीर पोस्ट की है. तस्वीर में वह आर्मी स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को मेडल पहना रहे हैं. इस दौरान इग्लेसियस अपनी यूनिट, '3rd US इन्फैंट्री रेजिमेंट' के साथियों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं.
थॉमस इग्लेसियस को सम्मानित करते हुए पीट हेगसेथ ने लिखा कि हम सैनिकों से प्यार करते हैं और उनके अनुशासन को पसंद करते हैं. हेगसेथ ने आगे लिखा कि बहुत बढ़िया, स्पेशलिस्ट. लगे रहो, देशभक्तों.
We love soldiers. We love standards. Well done, Specialist. Carry on Patriots. https://t.co/Uk6ek6oOso
— Secretary of War Pete Hegseth (@SecWar) November 12, 2026
रक्षा मंत्री पर आखिर क्यों भड़का था जवान?
जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री अपनी टीम के साथ 'वेटरन्स डे' के मौके पर अमेरिका सबसे सम्मानित सैन्य स्मारकों में से एक आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री में स्थित 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' पहुंचे थे. 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' में उन अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिनकी पहचान युद्ध में मौत के बाद नहीं हो सकी थी.
अज्ञात जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और उनकी टीम के लोग वहां फोटो खींचने लगे. इससे 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' की सुरक्षा में तैनात थर्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के जवान थॉमस इग्लेसियस भड़क गए. थॉमस इग्लेसियस ने रक्षा मंत्री और उनकी टीम को समझाया कि यह स्थल उनके हंसी-मजाक करने की जगह नहीं है.