App

लखनऊ के मलिहाबाद में 4 दिन में एक ही परिवार के 3 बच्चों की मौत से हड़कंप, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

लखनऊ के मलिहाबाद में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. खंडसरा गांव में किसान आशीष के तीन मासूम बच्चों ने चार दिन के भीतर दम तोड़ दिया.पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटे हैं.

लखनऊ के मलिहाबाद में 4 दिन में एक ही परिवार के 3 बच्चों की मौत से हड़कंप, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
Image Credit: Lucknow Malihabad 3 Children Death

विशाल सिंह/लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके से बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां खंडसरा गांव में किसान आशीष के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. महज चार दिन के अंदर उनके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई. पहले दो बेटों की जान गई और फिर 12 नवंबर को 10 साल की बेटी लक्ष्मी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया. तीनों की मौत आखिर किस वजह से हुई, ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है.

चार दिन में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

बताया जा रहा है कि 9 नवंबर को आशीष का सबसे छोटा बेटा, 3 साल का दिव्यांश खेल रहा था. तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. परिवार अभी इस सदमे से संभल भी नहीं पाया था कि अगले ही दिन 10 नवंबर को 7 साल के बेटे कार्तिक की भी तबीयत खराब हुई और उसने भी दम तोड़ दिया. तीसरा झटका 12 नवंबर को लगा, जब 10 साल की बेटी लक्ष्मी की जान चली गई.  परिजनों के मुताबिक लक्ष्मी को पहले बुखार आया था, फिर हालत बिगड़ती गई.अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

परिजनों का दावा -बुखार के बाद मुंह-नाक से आया खून

परिवार का कहना है कि तीनों बच्चों को मौत से पहले हल्का बुखार आया था. इसके बाद मुंह और नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है. हालांकि इन लक्षणों से मौत की वजह क्या है, इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक पहले दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही कर दिया गया था.लेकिन तीसरी बच्ची लक्ष्मी की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

एक ही परिवार में लगातार तीन बच्चों की मौत के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है. पुलिस के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है.  टीम परिवार की रहन-सहन, खान-पान और बच्चों की बीमारी से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है. फिलहाल सबकी नजर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच पर टिकी है. उसी के बाद तीनों बच्चों की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More