)
वैशाली जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है, जहां गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया. इस हृदय विदारक घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छोटी बच्ची की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद से ही गांव में मातम पसर गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, घर श्यामनंदन सिंह का है, जिनकी पहले ही मृत्यु हो चुकी है. उनके परिवार में उनका इकलौता बेटा राहुल अपनी पुश्तैनी जमीन को लगातार बेच रहा था, जिसका परिवार के सभी सदस्य कड़ा विरोध कर रहे थे. बताया जा रहा है कि राहुल ने एक और जमीन बेची थी, जिसकी जानकारी मिलने पर उसकी पत्नी सीमा ने रजिस्ट्री ऑफिस से नकल निकलवाई. इसके बाद सीमा ने राहुल से इस बारे में पूछताछ की और जमीन बेचने का विरोध किया.
इस बात से नाराज होकर राहुल ने अपनी मां और पत्नी के साथ मारपीट की और घर छोड़कर फरार हो गया. इस पूरे पारिवारिक कलह और तनाव के चलते बीती रात राहुल की मां और उसकी पत्नी ने खुद भी जहर खा लिया और साथ ही बच्चों को भी जहर खिला दिया. इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों की पहचान 55 वर्षीय निर्मला देवी (सास), 35 वर्षीय सीमा देवी (पत्नी) और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार (पोता) के रूप में हुई है, जबकि 15 साल की ऋषिका की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर गोरौल थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी. वहीं, एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह, वैशाली