App

राजस्थान पंचायत चुनाव में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू, बीजेपी ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की, पुष्कर के लग्जरी रिसॉर्ट पहली पसंद

राजस्थान पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद बीजेपी ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है. कई जिलों के प्रत्याशियों को पुष्कर के रिसॉर्ट में ठहराया गया है. पार्टी प्रशिक्षण शिविर के जरिए जिला प्रमुख और प्रधान चुनाव तक उन्हें एकजुट रखना चाहती है.

राजस्थान पंचायत चुनाव में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू, बीजेपी ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की, पुष्कर के लग्जरी रिसॉर्ट पहली पसंद
Image Credit: Rajasthan Panchayat Elections

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद अब रिजॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू हो गई है. बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है. पार्टी की ओर से प्रशिक्षण शिविर के नाम पर अलग-अलग जिलों के प्रत्याशियों को दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है. इनमें पुष्कर के लग्जरी रिसॉर्ट प्रत्याशियों की पहली पसंद बने हुए हैं. कई जिलों के बीजेपी प्रत्याशियों को पुष्कर पहुंचाया गया है. वहीं, चौथे चरण की वोटिंग पूरी होने के बाद उस चरण के प्रत्याशियों को भी बाड़ेबंदी में रखा जाएगा.

प्रशिक्षण शिविर के नाम पर प्रत्याशियों को एकजुट रखने की तैयारी

बीजेपी पंचायत चुनाव में उतारे गए प्रत्याशियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है. पार्टी इसे प्रशिक्षण वर्ग का नाम दे रही है. इसमें वरिष्ठ नेताओं के जरिए प्रत्याशियों को संगठन की रीति-नीति की जानकारी दी जाएगी.

हालांकि, इस पूरी कवायद का एक अहम मकसद जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव तक प्रत्याशियों को एकजुट रखना भी है. चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी 20 नवंबर को खत्म हो जाएगी, जबकि जीतने वाले प्रत्याशियों को जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव होने तक साथ रखा जाएगा. इसके लिए चुनाव में लगाए गए प्रभारी, स्थानीय विधायकों और नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

पुष्कर के रिसॉर्ट पहली पसंद, शादियों के सीजन से परेशानी

बाड़ेबंदी के लिए प्रत्याशी अच्छे और लग्जरी रिसॉर्ट में ठहरना चाहते हैं. पुष्कर जैसे पर्यटन स्थलों के रिसॉर्ट उनकी पहली पसंद बताए जा रहे हैं. लेकिन बीजेपी के सामने इस समय ठहरने की व्यवस्था करना चुनौती बन रहा है.

दरअसल, 20 नवंबर से राजस्थान में शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है. डेस्टिनेशन वेडिंग के प्रमुख केंद्र होने के कारण प्रदेश के कई रिसॉर्ट पहले से ही बुक हो चुके हैं. ऐसे में पार्टी को मनचाहे रिसॉर्ट तलाशने में परेशानी हो रही है. कुछ प्रत्याशियों को छोटे होटलों में भी ठहराया जा रहा है.

बीजेपी बोली- जहां जगह मिलेगी, वहीं होगा प्रशिक्षण

रिसॉर्ट की उपलब्धता को लेकर बीजेपी प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी का कहना है कि शादियों का सीजन जरूर है, लेकिन राजस्थान में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के लिए कई स्थान उपलब्ध हैं. कार्यकर्ता कहीं भी रहकर प्रशिक्षण ले सकता है. इसके लिए किसी बड़े स्थान की जरूरत नहीं है. जहां जगह मिलेगी, वहीं प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा.

बाड़ेबंदी में मोबाइल फोन से भी रह सकते हैं दूर

प्रशिक्षण शिविर और बाड़ेबंदी के दौरान प्रत्याशियों को मोबाइल फोन से भी दूर रखा जा सकता है. प्रत्याशियों की इच्छा है कि उन्हें ऐसे रिसॉर्ट में ठहराया जाए, जहां प्रशिक्षण के साथ दूसरी सुविधाएं भी मिल सकें.

हालांकि, फिलहाल बीजेपी का मुख्य फोकस प्रत्याशियों को लग्जरी सुविधाएं देने से ज्यादा चुनावी समीकरण साधने और जिला प्रमुख व प्रधान के चुनाव तक उन्हें एकजुट रखने पर है. ऐसे में पार्टी जहां ठहरने की जगह मिल रही है, वहीं प्रत्याशियों को शिफ्ट कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Sharma

Vishnu Sharma

विष्णु शर्मा जी मीडिया राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ITV Network के चैनलों—India News, India News Rajasthan और NewsX—के साथ की, जहां पॉलिटिक्स बीट पर काम किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की राजनीति को करीब से कवर किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया। विष्णु शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में जाकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।फिलहाल विष्णु शर्मा Zee News के साथ काम कर रहे हैं और राजस्थान की राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।
Read More