App

मिडिल ईस्ट में जंग के बीच सऊदी के तेल ठिकानों पर बड़ा हमला, क्रूड ऑयल के दाम में लगी आग

दुनियाभर में चल रही शांति समझौते की बातचीत को उस समय झटका लग गया, जब सऊदी अरब के तेल ठिकानों पर हमले और होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकरों में धमाके के बाद क्रूड ऑयल की कीमत में 3 डॉलर प्रति बैरल का उछाल देखा गया. एक बार फिर से ब्रेंट क्रूड उछलकर 95.82 डॉलर पर पहुंच गया.

मिडिल ईस्ट में जंग के बीच सऊदी के तेल ठिकानों पर बड़ा हमला, क्रूड ऑयल के दाम में लगी आग
Image Credit: (Reuters) ब्रेंट क्रूड वायदा चढ़कर 95.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता देखा गया.

मिडिल ईस्ट में फिर से बढ़ रहे तनाव और एनर्जी ठिकानों पर हो रहे ताबड़तोड़ हमलों ने ग्लोबल ऑयल मार्केट में भूचाल ला दिया है. सऊदी अरब के अहम तेल ठिकानों पर हमलों और होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने के बाद क्रूड ऑयल की कीमत में जोरदार उछाल देखने को मिला. हालिया अपडेट के बाद दुनियाभर में तेल सप्लाई में रुकावट का खतरा गहराया हुआ है. इसका असर रहा कि दो कारोबारी सत्र से क्रूड ऑयल के दाम में तेजी देखी जा रही है. गुरुवार को इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड 3 डॉलर प्रति बैरल चढ़ गया.

शुक्रवार सुबह कारोबारी सत्र के दौरान ब्रेंट क्रूड वायदा चढ़कर 95.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता देखा गया. इसके अलावा WTI क्रूड भी चढ़कर 88.74 डॉलर प्रति बैरल के लेवल पर पहुंच गया. हालांकि, वीकली बेस पर दोनों अहम बेंचमार्क अभी भी करीब ढाई फीसदी गिरकर ट्रेड कर रहे हैं. बाजार में गिरावट के बाद यह तेजी तब देखी जा रही है जब हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े हमलों का दावा किया है. हूती ग्रुप की तरफ से दावा किया गया कि उन्होंने सऊदी की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन के एक पंपिंग स्टेशन, रेट सी के तटीय शहर यानबू में ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर और राजधानी रियाद में सऊदी अरामको की एक बिल्डिंग को निशाना बनाया है.

होर्मुज स्ट्रेट में टैंकरों में धमाके

खाड़ी में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. समंदर में कई तेल टैंकर में आग लगने के बाद समुद्र तटों पर तेल फैल रहा है. ईरान की सेना की तरफ से दावा किया गया कि चेतावनी को नजरअंदाज किये जाने के बाद होर्मुज स्ट्रेट में चार तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया. आपको बता दें अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष से पहले दुनियाभर की कुल तेल जरूरत का पांचवां हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुजरता था.

रूस के ऑयल पोर्ट पर यूक्रेन का अटैक

दूसरी तरफ रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत के खबर के बाद रूस के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने का सिलसिला जारी है. यूक्रेन की तरफ से दावा किया गया कि उसके ड्रोन ने नॉर्थ-वेस्ट रूस में बाल्टिक सागर के किनारे स्थित उस्त-लूगा पोर्ट पर हमला किया. इस हमले के बाद वहां आग लग गई और ऑयल टैंकरों के नेटवर्क को नुकसान हुआ है.

समुद्री मार्ग पर बढ़ते खतरे से तेल पर बढ़ा दबाव

ऑयल मार्केट पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बयान का भी असर देखा गया. शुरुआती एशियाई कारोबार में तेल 1 डॉलर गिरा था, लेकिन ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वाशिंगटन को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है और होर्मुज स्ट्रेट पर उनका कंट्रोल है. इसके बाद दाम फिर से संभल गए. जानकारों का कहना है कि रूस-यूक्रेन के बीच जवाबी हमले और समुद्री मार्ग पर बढ़ते खतरे तेल की कीमत पर दबाव बढ़ा रहे हैं. हालांकि, OPEC+ के आंकड़ों के अनुसार, सऊदी अरब की तरफ से प्रोडक्शन बढ़ाए जाने से अक्टूबर में क्रूड ऑयल का प्रोडक्शन बढ़ा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More