App

दिल्ली की रैली से गायब रहे UP युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी सस्पेंड, 12 जिलाध्यक्षों पर भी गिरी गाज

दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली में शामिल न होने पर उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है. जानें पूरी लिस्ट.

दिल्ली की रैली से गायब रहे UP युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी सस्पेंड, 12 जिलाध्यक्षों पर भी गिरी गाज
Image Credit: UP Yuva Congress 68 Suspended

मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की रैली से गायब रहना उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को भारी पड़ गया.  पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में सभी को निलंबित कर दिया है. इनमें 12 जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं. 

इसे युवा कांग्रेस में अब तक की सबसे बड़ी संगठनात्मक कार्रवाई माना जा रहा है. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद के मुताबिक, दिल्ली रैली में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों पर ये कार्रवाई की गई है. युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन का फैसला लिया. कार्रवाई की जद में जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी आए हैं.

किस-किस पर गिरी गाज?

12 जिलाध्यक्ष निलंबित (12 District Presidents Suspended)

प्रयागराज के जिलाध्यक्ष सौरभ पाण्डेय समेत कुल 12 जिलाध्यक्षों को निलंबित किया गया है.

3 प्रदेश उपाध्यक्ष (3 State Vice-Presidents)

तीन प्रदेश उपाध्यक्षों पर भी कार्रवाई हुई है, इनमें जितेश कुमार मिश्रा का नाम शामिल है।

33 प्रदेश महासचिव (33 State General Secretaries)

प्रदेश महासचिवों में निशांत रस्तोगी और अनुभव सिंह समेत कुल 33 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है.

18 प्रदेश सचिव (18 State Secretaries)

आयुष मौर्या समेत 18 प्रदेश सचिवों पर भी निलंबन की गाज गिरी है. इसके अलावा 1 संयुक्त सचिव और 1 सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर को भी निलंबित किया गया है. इस तरह कुल 68 पदाधिकारियों पर कार्रवाई हुई है.

संगठन में अनुशासन का संदेश

दिल्ली रैली से गायब रहने पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से युवा कांग्रेस के प्रदेश संगठन में हलचल मच गई है. बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के निलंबन को संगठन में अनुशासन बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. खास बात ये है कि कार्रवाई सिर्फ जिला स्तर तक सीमित नहीं रही, प्रदेश संगठन के कई जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को भी इसके दायरे में लाया गया है.फिलहाल इस कार्रवाई के बाद युवा कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे पर क्या असर पड़ेगा, ये आने वाले दिनों में साफ होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More