)
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने ED की हिरासत में मीडिया से बात करते हुए भावुक बयान दिया. उन्होंने कहा कि हमने बच्चों को पढ़ाने-लिखाने का गुनाह किया. हमने एक यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए. एक मुस्लिम ने शिक्षा का मंदिर खड़ा किया, बस यही गलती हो गई. इसी बीच गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय को आजम खान की चार दिन की कस्टडी रिमांड दे दी है. मेडिकल के बाद ED दफ्तर ले जाया गया. आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से लाकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया. इसके बाद उन्हें ED दफ्तर ले जाया गया. वहीं ED की हिरासत में मीडिया के सवाल पर उन्होंने ये बात कही.ED अब 16 नवंबर की शाम तक उनसे पूछताछ करेगी.
जांच एजेंसी 426.46 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले, सरकारी पैसे और संपत्तियों के कथित गलत इस्तेमाल की पड़ताल कर रही है. कोर्ट ने मनी ट्रेल और इससे जुड़ी कंपनियों की भूमिका की जांच के लिए रिमांड को जरूरी माना है. इसके साथ ही अदालत ने ये भी साफ किया है कि पूछताछ के दौरान मेडिकल जांच कराई जाए और किसी तरह की प्रताड़ना न की जाए.
हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्टूबर को आजम खान रामपुर जेल से बाहर आए थे.लेकिन बाहर आते ही ED ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उन्हें फिर गिरफ्तार कर लिया. 1 नवंबर को विशेष PMLA कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. तब से वो गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं.
इससे पहले गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव गाजियाबाद जिला कारागार पहुंचे थे और आजम खान से मुलाकात की थी. मुलाकात के बाद उन्होंने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए आजम खान के उत्पीड़न का आरोप लगाया था. उन्होंने ये भी दावा किया था कि आजम खान सपा में थे और सपा में ही रहेंगे.
ED का ये मनी लॉन्ड्रिंग मामला जौहर ट्रस्ट और रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ियों और जमीन के लेन-देन पर टिका है. जांच एजेंसी के आरोप -निजी यूनिवर्सिटी का इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल किया गया.
सरकारी फंड को कथित तौर पर दूसरे मदों में डायवर्ट कर दुरुपयोग किया गया.
ठेका पाने वाली कंपनियों के MD ने सरकारी ठेकों की करीब 30% रकम आजम खान के निजी खातों और अन्य लोगों तक पहुंचाने की बात स्वीकारी है.
राजनीतिक दबाव बनाकर लोगों से चंदा लिया गया.
सरकारी पैसे से बनी संपत्तियों, जिनमें OBC हॉस्टल भी शामिल है, को कथित तौर पर अवैध तरीके से जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट के नाम कर दिया गया.
आजम खान की गिरफ्तारी के साथ ही ED ने उनसे जुड़े कई ठिकानों पर छापा भी मारा था. जांच के दौरान जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी कुछ संपत्तियों को एजेंसी ने अटैच भी किया है.