)
विजय कुमार/नोएडा: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण का प्रकोप लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. सुबह से ही आसमान में धुंध और प्रदूषण की परत छाई हुई है. दिल्ली-एनसीआर के साथ नोएडा की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
हिंदुस्तान टाइम्स के CPCB आधारित डैशबोर्ड के मुताबिक, 13 नवंबर की सुबह 5 बजे नोएडा का औसत AQI 369 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. पिछले दिन की तुलना में इसमें 85 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों की बात करें तो सेक्टर-62 सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाकों में शामिल है. यहां AQI 470 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है. वहीं सेक्टर-116 में AQI 409 रिकॉर्ड हुआ.सेक्टर-125 में 380, सेक्टर-1 में 341, सेक्टर-150 में 339, सेक्टर-39 में 329 और सेक्टर-110 में 317 AQI दर्ज किया गया.
नोएडा के सभी 7 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में है. सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाला PM2.5 है.
ग्रेटर नोएडा का औसत AQI खराब श्रेणी में बना हुआ है.वहीं ग्रेटर नोएडा में भी प्रदूषण से राहत नहीं है. उपलब्ध नवीनतम स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा का औसत AQI खराब श्रेणी में रहा, जबकि नॉलेज पार्क-5 में AQI 320 दर्ज किया गया था. मौसम में बदलाव, हवा की कम रफ्तार और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं. इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है.
डॉक्टरों की सलाह है कि बुजुर्ग, बच्चे और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोग सुबह और शाम खुले में निकलने से बचें. जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें और प्रदूषण के बीच अनावश्यक शारीरिक गतिविधियों से बचें. फिलहाल नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने का इंतजार है.