App

ईरान जंग और रूस-यूक्रेन के बीच शांति की उम्मीद से टूटा क्रूड, क्या खत्म होने जा रहा महंगाई का दौर

जब भी दुनिया के किसी कोने में जंग शुरू होती है तो उसका सीधा असर तेल की सप्लाई और उसके दाम पर पड़ता है. पिछले आठ महीने से चल रहे ईरान संकट और रूस-यूक्रेन जंग से क्रूड ऑयल रिकॉर्ड लेवल तक चढ़ गया. लेकिन बातचीत से सहमति बनने की खबर के बीच क्रूड के दाम में अब गिरावट देखी जा रही है.

ईरान जंग और रूस-यूक्रेन के बीच शांति की उम्मीद से टूटा क्रूड, क्या खत्म होने जा रहा महंगाई का दौर
Image Credit: (Reuters) WTI क्रूड ऑयल गिरकर 85 डॉलर प्रति बैरल के लेवल पर ट्रेड कर रहा है.

ईरान और रूस-यूक्रेन जंग में राहत की उम्मीद के बीच क्रूड ऑयल के दाम में गिरावट देखी जा रही है. युद्ध के बीच अक्सर तेल की कीमत बढ़ने से पेट्रोल-डीजल महंगा हो जाता है. इसका असर महंगाई पर देखने को मिलता है. लेकिन इंटरनेशनल मार्केट में जंग से राहत की खबर ने दुनियाभर के निवेशकों के चेहरे पर राहत ला दी है. इसी का असर है कि ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम में गिरावट देखी जा रही है. गुरुवार सुबह कच्चा तेल 1% से ज्यादा टूट गया. ईरान और रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे तनाव को लेकर शांति की उम्मीद नजर आ रही है.

क्रूड ऑयल की दाम की बात करें तो गुरुवार सुबह शुरुआती कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1.14 डॉलर टूटकर 91.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, WTI क्रूड ऑयल भी 1.04 डॉलर गिरकर 85.49 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है. इससे पहले बुधवार को दोनों बेंचमार्क में मामूली तेजी देखने को मिली थी. लेकिन गुरुवार सुबह जैसे ही शांति वार्ता की खबरों ने जोर पकड़ा तेल के दाम फिर से नीचे चले गए.

ऑयल मार्केट को सबसे बड़ा सहारा रूस और यूक्रेन की तरफ से आई खबर ने दिया है. अमेरिका के मीडिएशन में अबू धाबी में दो दिन तक चली बातचीत बुधवार को खत्म हो गई. इस मीटिंग के बाद मॉस्को और कीव के बीच कैदियों की अदला-बदली पर भी सहमति बन गई. हालांकि, जमीन पर कब्जे जैसे बड़े मामले पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं. इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने साफ कहा है कि कीव इस साल जंग खत्म होने की दिशा में ठोस प्रगति की उम्मीद कर रहा है. उनके बयान ने मार्केट के मूड को भी काफी हल्का कर दिया.

यूक्रेन के अलावा मिडिल ईस्ट से भी मार्केट को राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है. अगले हफ्ते अमेरिका और चीन के बीच बेहद अहम समिट होने जा रही है. बाजार के जानकारों का मानना है कि इस समिट से पहले ईरान के साथ चल रहा तनाव और बढ़ने की संभावना कम है. बाजार को यह उम्मीद है कि पर्दे के पीछे रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर की कोशिश चल रही है.

होर्मुज स्ट्रेट और परमाणु विवाद का पेच बाकी

तेल के दाम भले ही नीचे आ रहे हैं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि खतरा पूरी तरह टल गया है. किकुकावा की तरफ से साफ कहा गया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जो अनिश्चितता बनी हुई है, उसकी वजह से क्रूड ऑयल के दाम में बड़ी गिरावट आने की संभावना कम है. यह समुद्री रास्ता दुनियाभर में तेल की सप्लाई के लिए सबसे अहम माना जाता है. इसके अलावा ईरान का परमाणु कार्यक्रम बातचीत की राह में बड़ा रोड़ा बना हुआ है. ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने दो टूक कहा कि तेहरान अपने देश से समृद्ध परमाणु सामग्री का एक भी कण बाहर नहीं जाने देगा. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने नए सिरे से हमले किए तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.

सप्लाई के मोर्चे पर बढ़े आंकड़े

तेल के दाम पर दबाव बनाने में महज जंग की खबरें ही नहीं, बल्कि सप्लाई से जुड़े आंकड़ों का भी बड़ा हाथ है. अक्टूबर में OPEC+ देशों के क्रूड ऑयल के उत्पादन में तेज बढ़ोतरी देखी गई. इसमें सबसे बड़ा योगदान सऊदी अरब का रहा है, जिसने अपना प्रोडक्शन काफी बढ़ा दिया है. यह सब तब हुआ जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होने वाले शिपमेंट में रुकावटें बनी हुई हैं. दूसरी तरफ अमेरिका से भी सप्लाई बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. बाजार के सूत्रों का कहना है अमेरिकन पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट के हालिया आंकड़ों में यह बात सामने आई है कि पिछले हफ्ते अमेरिका के क्रूड स्टॉक में 90 लाख बैरल का बड़ा उछाल आया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More