App

हाईवे पर जंगली हाथी ने बाइकर के सीने और पेट पर रखा पैर, फिर भी सुरक्षित बच गया शख्स; हमले का खौफनाक Video वायरल

उत्तराखंड के हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एक जंगली हाथी ने बाइकर को दो बार पैरों से कुचला, लेकिन इसके बाद भी शख्स चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

हाईवे पर जंगली हाथी ने बाइकर के सीने और पेट पर रखा पैर, फिर भी सुरक्षित बच गया शख्स; हमले का खौफनाक Video वायरल
Image Credit: कैब ड्राइवर के कैमरे में कैद हुआ जिंदगी और मौत का खौफनाक खेल (PC- instagram/rahuljoes)

सोशल मीडिया पर उत्तराखंड से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी सांसें अटक जाए. हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर सफर कर रहे एक बाइकर का सामना अचानक एक गुस्से से भरे जंगली हाथी से हो गया. स्थिति इतनी खतरनाक थी कि हाथी ने उस शख्स को अपने पैरों के नीचे कुचल दिया. लेकिन कहते हैं न कि 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोय', इस भयानक हादसे के बाद भी वह शख्स जिंदा बच गया. सोशल मीडिया पर इस चमत्कारिक वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है और यह चर्चा का विषय बना हुआ है.

यह पूरी घटना उत्तराखंड के प्रसिद्ध हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर नेपाली फार्म के पास गुरुवार तड़के सुबह करीब 4 बजे की है. जब सड़क सुनसान थी और चारों तरफ अंधेरा था, तब एक बाइकर वहां से गुजर रहा था. तभी अचानक सड़क पर एक विशालकाय जंगली हाथी आ गया. यह आमना-सामना इतना अचानक था कि बाइकर संभल नहीं पाया. स्थिति पलभर में इतनी खतरनाक हो गई कि हाथी ने उस शख्स को अपने पैरों के नीचे ले लिया.

सीने और पेट पर दो बार रखा पैर

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस खौफनाक घटना में हाथी ने बाइकर के पेट और सीने पर दो बार अपना भारी-भरकम पैर रखा. शख्स कुछ पलों के लिए हाथी के पैरों के नीचे पूरी तरह दब गया था. वहां मौजूद किसी भी इंसान के लिए यह सोचना भी मुश्किल था कि वह शख्स इस भयानक हमले के बाद जिंदा बच पाएगा. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथी का वजन और उसका गुस्सा कितना ज्यादा खतरनाक था.

 

 

चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बचा बाइकर

लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने देखने वाले हर शख्स को हैरान कर दिया. जैसे ही हाथी वहां से थोड़ा आगे बढ़ा, वैसे ही वह बाइकर तुरंत अपने पैरों पर खड़ा हो गया. उसे देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उसे कोई गंभीर या भारी अंदरूनी चोट नहीं आई है. इस डरावने हादसे के बाद उसका यूं सुरक्षित उठ खड़ा होना किसी चमत्कार से कम नहीं था. इंटरनेट पर लोग इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इस शख्स की किस्मत वाकई बहुत बुलंद थी जो मौत को मात देकर वापस लौट आया.

किसने वीडियो में किया कैद?

यह पूरी हैरान करने वाली घटना एक कैब ड्राइवर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शिवा शर्मा द्वारा रिकॉर्ड की गई, जो उस समय अपनी गाड़ी से उसी रास्ते से गुजर रहे थे. शिवा शर्मा ने इस वीडियो को 12 नवंबर को सुबह 3:46 बजे अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया था, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया. शिवा शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हरिद्वार और देहरादून के बीच का रास्ता सफर करने में आसान जरूर है, लेकिन जंगलों के पास से गुजरने पर स्थिति काफी अप्रत्याशित हो जाती है क्योंकि वहां कब कौन सा जानवर सामने आ जाए कहा नहीं जा सकता. उन्होंने यह भी कहा कि इस बाइकर का बचना सच में किसी अजूबे से कम नहीं है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More