)
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले रामनगरी का सियासी और धार्मिक माहौल गरमा गया है. उनके इस प्रस्तावित कार्यक्रम और रामलला के दर्शन की योजना को लेकर अयोध्या के संत समाज के एक वर्ग ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. इस मामले में मणिराम दास छावनी में संतों की अहम बैठक हुई, जिसमें अखिलेश यादव के आगमन पर सवाल उठाते हुए उनसे दर्शन से पहले प्रायश्चित करने और माफी मांगने की मांग की गई है.
उनका कहना है कि जब तक अखिलेश यादव कारसेवकों पर गोली चलने की घटना को लेकर माफी नहीं मांगते, तब तक उन्हें अयोध्या की पांच कोस की धार्मिक सीमा में प्रवेश नहीं करने देंगे.
'नाटक करने अयोध्या आ रहे अखिलेश'
मणिराम दास छावनी में जुटे संतों ने 1990 के राम जन्मभूमि आंदोलन की घटनाओं का हवाला देते हुए समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधा. बैठक के दौरान संत रामायणी महाराज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अखिलेश यादव दर्शन करने नहीं, बल्कि नाटक करने के लिए अयोध्या आ रहे हैं.
अखिलेश के अयोध्या दौरे का संतों ने किया विरोध
संत रामायणी महाराज ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में कारसेवकों पर गोलियां चलवाई गईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया गया, वे आज हिंदू वोटों के लिए राम मंदिर में दर्शन करना चाहते हैं. उन्होंने पुराने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय सरयू नदी का पानी लाल हो गया था और मणिराम दास छावनी परिसर में रामभक्तों के शव रखे गए थे.
असली हिंदू-रामवंशज सपा को नहीं देंगे वोट-महाराज
रामायणी महाराज के मुताबिक, अखिलेश यादव को पहले उन घटनाओं के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और प्रायश्चित करना चाहिए, तभी उन्हें रामलला के दर्शन के लिए आना चाहिए. इतना ही नहीं, संत रामायणी महाराज ने यह भी दावा किया कि रामभक्त और हिंदू समाज समाजवादी पार्टी के इस कदम के बहकावे में नहीं आएंगे. असली हिंदू और रामवंशज उन्हें वोट नहीं देंगे. इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दोबारा सत्ता में आने का विश्वास जताया.
अयोध्या में राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेताओं और समर्थकों का कहना है कि भगवान राम सभी के हैं और किसी भी श्रद्धालु या जनप्रतिनिधि को दर्शन करने से नहीं रोका जाना चाहिए. पार्टी नेतृत्व पहले भी यह स्पष्ट करता रहा है कि उनकी आस्था व्यक्तिगत विषय है और वे सभी धर्मों व आस्था स्थलों का सम्मान करते हैं.
फिलहाल, 12 दिसंबर के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर अयोध्या में राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो गया है.
(अयोध्या से प्रवेश कुमार की रिपोर्ट)