)
बॉलीवुड में खान परिवार हमेशा से अपनी बॉन्डिंग और एक-दूसरे के प्रति प्यार के लिए जाना जाता है. रियलिटी शो 'अलायंस' में नजर आए एक्टर सोहेल खान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके लिए परिवार से बढ़कर कुछ भी नहीं है. सोहेल ने सोशल मीडिया पर अपने पिता और दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान और मां सलमा खान के लिए एक बेहद प्यारा और इमोशनल नोट लिखा है. उनकी यह पोस्ट इंटरनेट पर आते ही वायरल हो गई है और फैंस से लेकर सेलेब्स तक इस पर जमकर अपना प्यार बरसा रहे हैं.
सोहेल खान ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने माता-पिता, सलीम खान और सलमा खान की एक बहुत ही खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की है. इस फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा कि दुनिया में उनसे ज्यादा खुशनसीब बच्चे कोई और नहीं हो सकते. सोहेल की इस सादगी और अपने पेरेंट्स के प्रति सम्मान ने इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत लिया है. पोस्ट सामने आते ही कई सेलिब्रिटी दोस्तों और फैंस ने कमेंट सेक्शन में हार्ट इमोजी और दुआओं की झड़ी लगा दी.
सोहेल की इस पोस्ट पर लोग बहुत ही प्यारे रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि जब माता-पिता बूढ़े हो जाएं, तो उनके साथ हमेशा अच्छा व्यवहार करना चाहिए. वहीं एक दूसरे फैन ने दुआ करते हुए लिखा कि अल्लाह सलीम खान और उनके पूरे परिवार को सेहत, दौलत, लंबी उम्र और ढेर सारी खुशियां दे. एक अन्य यूजर ने 'माशाअल्लाह' लिखते हुए पूरे परिवार के हमेशा साथ और स्वस्थ रहने की कामना की. कई लोगों ने खान परिवार को बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन फैमिली बताया है.
इससे पहले रियलिटी शो 'अलायंस' के दौरान भी सोहेल खान अपने पिता की सेहत को लेकर काफी भावुक हो गए थे. शो में अपनी को-कंटेस्टेंट डेलबार आर्या से बातचीत करते हुए सोहेल ने बताया था कि जब डॉक्टरों ने परिवार से कहा था कि वे सलीम खान को खो सकते हैं, तो वे खुद को रोक नहीं पाए थे और फूट-फूटकर रो पड़े थे. बता दें कि इसी साल फरवरी में सलीम खान को ब्रेन हेमरेज होने के बाद करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था. उस मुश्किल वक्त को याद करते हुए सोहेल ने बताया कि वे अपना ज्यादातर समय अपने माता-पिता के साथ क्यों बिताते हैं.
सोहेल ने कहा कि वक्त सबसे कीमती चीज है जो आप किसी को दे सकते हैं. उनके बच्चे अभी जवान हैं और उनके पास बहुत समय है, लेकिन उनके माता-पिता अब बूढ़े हो चुके हैं, इसलिए वे ज्यादा से ज्यादा वक्त उनके साथ रहना चाहते हैं.
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे सफल और दिग्गज स्क्रीनराइटर्स में से एक हैं. जावेद अख्तर के साथ मिलकर 'सलीम-जावेद' की मशहूर जोड़ी ने 'शोले', 'दीवार', 'जंजीर', 'डॉन' और 'त्रिशूल' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में लिखी हैं. निजी जिंदगी में सलीम खान की पहली शादी सलमा खान से हुई थी, जिनसे उनके चार बच्चे सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और बेटी अलवीरा खान अग्निहोत्री हैं. बाद में उन्होंने एक्ट्रेस हेलेन से शादी की थी और आज पूरा परिवार एक साथ मजबूती से खड़ा है.