App

42 साल बाद भी अनुपम खेर को पहला मौका देना नहीं भूले महेश भट्ट, लिखा इमोशनल लेटर; बोले- 'तुम्हें पहले कभी इतना...'

एक्टर अनुपम खेर ने साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म 'सारांश' से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था. इस फिल्म को महेश भट्ट ने डायरेक्ट किया था. यह फिल्म एक यादगार क्लासिक साबित हुई थी. अब महेश भट्ट ने अनुपम खेर के लिए एक लेटर लिखा है, जो काफी इमोशनल भी है.

42 साल बाद भी अनुपम खेर को पहला मौका देना नहीं भूले महेश भट्ट, लिखा इमोशनल लेटर; बोले- 'तुम्हें पहले कभी इतना...'
Image Credit: अनुपम खेर की तारीफ में महेश भट्ट ने लिखी चिट्ठी

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. नितेश तिवारी की इस फिल्म में अनुपम खेर भी शामिल हैं. उन्होंने जटायु को आवाज दी है. जटायु के तौर पर उनकी आवाज को काफी पसंद किया गया है. अब अनुपम खेर की परफॉर्मेंस से इम्प्रेस होने के बाद उनकी डेब्यू फिल्म 'सारांश' के डायरेक्टर महेश भट्ट ने उन्हें एक इमोशनल लेटर लिखा है. इस लेटर को अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है.

अनुपम खेर की तारीफ करते हुए बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर महेश भट्ट ने लिखा, 'सारांश में बीवी प्रधान से लेकर रामायण में जटायु तक- आपकी क्या यात्रा रही है. आपका सिर्फ और सिर्फ उत्थान हुआ है. मैं आपके लिए बेहद खुश हूं.'

महेश भट्ट ने लिखा अनुपम खेर को लेटर

महेश भट्ट ने लेटर में अनुपम खेर के लिए लिखा, 'अनुपम, 'सारांश' के बी.वी. प्रधान से लेकर 'रामायण' के जटायु तक. क्या शानदार सफर रहा है. तुम्हारी लगातार तरक्की और कामयाबी. मैं तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं. स्वीडन में तुम्हें देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा. ऐसा लगता है कि वह अनुभव तुम्हारे भीतर गहराई तक उतर गया है. तुम कुछ अलग लग रहे हो. मैंने देखा कि तुम लोगों से किस तरह हाथ मिला रहे थे. अपना पूरा हाथ आगे बढ़ाकर, अपना पूरा ध्यान सामने वाले व्यक्ति पर केंद्रित करके. तुम्हें पहले कभी इतना आत्मविश्वासी और इतना बेफिक्र नहीं देखा.'

आगे लिखा, 'मुझे 'सारांश' फिल्म का वह सीन याद आ गया, जिसमें पार्क में एक बूढ़ी औरत बच्चों के साथ खेल रही होती है. प्रधान ने अपने बेटे अजय की अस्थियों को विसर्जित कर दिया है और वहां वह औरत बच्चों के साथ खेल रही है. जिस नजर से तुमने उसे देखा था, वह तुम्हारा 'बुद्ध' जैसा पल था. जिंदगी ने तुम्हें गहराई से छुआ था और उस पल का कुछ अंश तुम्हारी आंखों, तुम्हारे शरीर और तुम्हारे दिल में बस गया है. स्वीडन में मैंने फिर से वही चीज देखी.'

आगे लिखा, 'मैं अक्सर उस 28 साल के अभिनेता और 34 साल के फिल्म निर्माता के बारे में सोचता हूं, जो पाली हिल स्थित मेरे घर के परिसर में बैठकर बातें कर रहे थे. उस दिन हमने एक-दूसरे को क्या दिया? मुझे नहीं पता. मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि आगे चलकर क्या-क्या होगा. तुम मुझे बहुत-बहुत खुश कर देते हो. मुझे उस इंसान जैसी खुशी महसूस होती है, जिसने कभी तुम्हारा हाथ थामा था और अब तुम्हें उन ऊंचाइयों तक पहुंचते देख रहा है, जहां तक मैं तुम्हें कभी नहीं ले जा सकता था और कहीं दूर, किसी छोटे से इलाके का कोई लड़का तुम्हें देखेगा और अपने किसी 'नामुमकिन' सपने को लेकर यहां आने की हिम्मत जुटाएगा. अनुपम, मैं और क्या मांग सकता हूं? मैं और क्या मांग सकता हूं? ढेर सारा प्यार, महेश भट्ट.'

अनुपम खेर ने दिया दिल छू लेने वाला रिप्लाई

वहीं, अनुपम खेर ने रिप्लाई देते हुए लिखा, ''सारांश' से 'जटायु' तक. महेश भट्ट साहब का एक पत्र. प्रिय भट्ट साहब, आज मैं दुनिया का सबसे खुश इंसान हूं. कल अचानक आपका संदेश मिला, जिसके लिए मैं बिल्कुल भी तैयार नहीं था. मैंने इसे पूरे दिल से आभार के साथ पढ़ा और बहुत विनम्र महसूस किया. यह मेरे 42 सालों के काम के लिए सबसे खूबसूरत प्रमाण-पत्र पाने जैसा था और वह भी उस इंसान की तरफ से, जिसने मेरे लिए सिनेमा के दरवाजे सबसे पहले खोले थे.

'मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता'

आगे लिखा, 'आप मेरे लिए सिर्फ मेरी पहली फिल्म 'सारांश' के निर्देशक से कहीं बढ़कर हैं. आप मेरे मार्गदर्शक, मेरे दोस्त और मेरे शिक्षक हैं. हमारे देश के सबसे बेहतरीन निर्देशकों, लेखकों और रचनाकारों में से एक से ये शब्द पाना, मेरे लिए इतना मायने रखता है कि मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता. मुझ पर विश्वास करने के लिए, मेरे सफर को इतने उदार भाव से देखने के लिए और मेरे जीवन का इतना महत्वपूर्ण हिस्सा होने के लिए आपका धन्यवाद. मैं आगे भी ऐसा काम करने की कोशिश करता रहूंगा, जिस पर आपको गर्व हो और शायद कभी-कभी मुझे आपसे ऐसा ही एक और पत्र मिल सके. ढेर सारे आभार और प्यार के साथ, अनुपम.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kajol Gupta

Kajol Gupta

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More