App

उत्तराखंड में डबल सड़क हादसा: भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी समेत तीन की मौत, नैनीताल में भी खाई में समाई कार

पिथौरागढ़ और नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसे हुए हैं. इन दोनों हादसों में मां-बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई है. जबकि, कई लोगों के घायल होने की खबर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

उत्तराखंड में डबल सड़क हादसा: भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी समेत तीन की मौत, नैनीताल में भी खाई में समाई कार

उत्तराखंड में बुधवार देर रात दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे हुए. जिनमें कई परिवारों की खुशियां मातम में तब्दील हो गई. पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाइयों में जा गिरे, जिनमें एक चालक समेत कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं. मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं
पहली घटना पिथौरागढ़ जिले के सैराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग की है, जहां हरड़ा गांव के पास बुधवार देर रात एक बोलेरो मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में वाहन चालक, एक महिला और एक किशोरी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक मां और बेटी भी शामिल हैं, जो भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई हुई थीं और देर रात वापस अपने घर लौट रही थीं.

रात में नहीं लगी हादसे की भनक
रात के समय हादसा होने के कारण किसी को दुर्घटना की भनक नहीं लगी. गुरुवार सुबह जब राहगीरों ने सड़क से नीचे गहरी खाई में क्षतिग्रस्त वाहन को देखा, तब पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सुबह करीब नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. खाई की गहराई ज्यादा होने से शवों को बाहर निकालने में मशक्कत करनी पड़ी. हादसे की सूचना से इलाके में शोक का माहौल है.

कैंची धाम के पास स्विफ्ट डिजायर खाई में गिरी
दूसरी घटना नैनीताल के कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में हुई. यहां यूपी के बरेली से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे. ​आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना की टीम उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

ड्राइवर की मौके पर ही मौत
​एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों (सनी, रवि, संचित और संदीप शर्मा) को सुरक्षित खाई से निकालकर सीएचसी भवाली भेजा. वहीं, हादसे में 29 वर्षीय वाहन चालक अनुज तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई. एसडीआरएफ ने मृतक के शव को बाहर निकालकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया है.

(अल्मोड़ा से देवेंद्र बिष्ट और नैनीताल से राम अनुज की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More