App

निशा भगत के परिवार से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने निशा भगत के परिजनों से मुलाकात है. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार का ढांढस बंधाया. साथ ही, निष्पक्ष और गहन जांच की मांग उठाई.

निशा भगत के परिवार से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर
Image Credit: महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर (जी मीडिया)

आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर गहरी व्यथित हैं. गुमला पहुंचकर उन्होंने निशा भगत के परिजनों और उनके पिता से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी एक साहसी और होनहार बेटी को खो दिया है. 

निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी 

उन्होंने कहा कि निशा ने अपनी बात रखने का साहस दिखाया था. ऐसे में उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी है. घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए.

दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई

विजया किशोर रहाटकर ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने घटना के दिन ही स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीरता से लिया था. आयोग शुरू से ही पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए.

डीजीपी से मिलकर जांच की स्थिति जानेंगी

आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि वह झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात कर मामले की जांच की वर्तमान स्थिति, अब तक की पुलिस कार्रवाई और सामने आए तथ्यों की जानकारी लेंगी. उन्होंने कहा कि जांच बिना किसी दबाव, पक्षपात या लापरवाही के होनी चाहिए. किसी भी महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.

बेटियों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना भी जरूरी है.

राष्ट्रीय महिला आयोग मामले में रहेगा सक्रिय

विजया किशोर रहाटकर ने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय महिला आयोग इस मामले में आगे भी सक्रिय रहेगा. आयोग का प्रयास है कि घटना की सच्चाई सामने आए, दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई हो और निशा भगत के परिवार को न्याय मिले. बता दें कि निशा भगत मौत मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है. 

रिपोर्ट: रणधीर निधि

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More