App

'मिठाई खिलाइए': मोदी को पत्रकारों ने दी थी गुजरात का CM बनने की खबर, 25 साल बाद PM ने खुद किया खुलासा

गुजरात के सीएम बनने का किस्सा शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उस दौरान पत्रकारों की एक महिला ब्रिगेड भी हुआ करती थी. महिला पत्रकारों ने उनसे मिठाई खिलाने को कहा. जब इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं.

'मिठाई खिलाइए': मोदी को पत्रकारों ने दी थी गुजरात का CM बनने की खबर, 25 साल बाद PM ने खुद किया खुलासा
Image Credit: दिवाली मिलन समारोह में PM मोदी ने देश को दी डेडलाइन (Photo- ANI)

बीजेपी के दिवाली मिलन समारोह में पीएम मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने रिश्ते पर एक बड़ा खुलासा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें पत्रकारों के एक ग्रुप ने गुजरात का मुख्यमंत्री चुने जाने की खबर दी थी. पीएम ने उस किस्से को शेयर करते हुए कहा कि उस समय वह 11 अशोका रोड पर एक कमरे में रहते थे. एक दिन अचानक पत्रकारों की पूरी टोली उनके कमरे में पहुंच गई. उस दौरान पत्रकारों की एक महिला ब्रिगेड भी हुआ करती थी. महिला पत्रकारों ने उनसे मिठाई खिलाने को कहा. जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात जा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने वाले हैं. पीएम मोदी ने कहा कि उस समय यह बात बहुत कम लोगों को पता थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी जानकारी पहले ही मिल गई थी.

 PM ने तय की विकसित भारत की डेडलाइन

दिवाली मिलन समारोह में पीएम मोदी ने विकसित भारत की डेडलाइन तय कर दी है. पीएम मोदी ने कहा कि आपकी जिंदगी डेडलाइन पर है. सबकी डेडलाइन तय होती है. डेडलाइन नही हो, तो डेस्क से फिल्ड तक यही होता है कि हो जाएगा, इसलिए डेडलाइन बहुत जरुरी होता है. पीएम ने कहा कि ये बात व्यक्ति से लेकर देश तक, सब पर लागू होती है. पीएम मोदी ने कहा कि देश भी डेडलाइन के साथ काम कर रहा है. 2047 का डेडलाइन. आजादी के 100 साल होने से पहले हमें विकसित देश बनाना है.

PM ने फील्ड रिपोर्ट्स की जमकर तारीफ की

पीएम मोदी ने कहा कि न्यूज और न्यूजरूम की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता है. कहीं भूकंप आए, बाढ़ आए या फिर कहीं हादसा हो, सारी दुनिया उस जगह से भाग रही होती है, लेकिन हमारे फील्ड रिपोर्ट्स अपना जीवन दांव पर लगाकर, परिवार की सारी चिंताओं को किनारे रखकर, कवरेज के लिए पहुंच जाते हैं. न्यूज की दुनिया में डेडलाइन भी बहुत जरूरी होती है. आपकी सारी जिंदगी डेडलाइन पर चिपकी रहती है. सबकी डेडलाइन तय होती है. डेडलाइन नहीं होने पर डेस्क से लेकर फील्ड तक, सबका रवैया ढीला होता है.

PM ने गिनाईं भारत की उपलब्धियां

विकसित भारत की डेडलाइन तय करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 100 साल होने तक, हमें भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है. मीडिया के लोग जानते हैं कि जब डेडलाइन तय होती है, तो प्राथमिकताएं बदलती हैं. काम करने का तरीका बदलता है और रफ्तार भी बदलती है. पीएम ने कहा कि आज भारत जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उसमें विकसित भारत के लक्ष्य को पाना, असंभव नहीं है. बीते वर्षों में भारत ने क्या-क्या कर दिखाया है. किसने सोचा था कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरकर इतिहास रचेगा. किसने सोचा था कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन जाएगा. 

पीएम ने कहा कि किसने सोचा था कि देश में सेमीकंडक्टर का इतना आधुनिक इकोसिस्टम इतनी तेजी से तैयार हो जाएगा. किसने सोचा था कि चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनेगा. पीएम ने कहा कि भारत ने सिर्फ 12 साल में अपनी सोलर जनरेशन कैपेसिटी को 50 गुना ज्यादा बढ़ा दिया है. सिर्फ 12 साल में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा इकोसिस्टम तैयार कर लिया है. आज हमारा यूपीआई दुनिया का सबसे बड़ा रियल टाइम पेमेंट सिस्टम बन गया है. ऐसी अनेक उपलब्धियां हैं, जो हमें देशवासियों की परिश्रम, वैज्ञानिकों की मेहनत से हासिल हुई हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More