)
यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी काशीराम के नेता चंद्रशेखर ने एक मंच पर साथ आकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी और चंद्रशेखर ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने का ऐलान किया है. इसके तहत यूपी की 150 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की जानकारी मीडिया के जरिए साझा की गई है. ओवैसी ने कहा कि आज की तारीख में 'अब्दुल' सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बन गया है. हम यहां बराबरी की बात कर रहे हैं.'
ओवैसी ने शायरी सुनाते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर तंज कसा तो बीजेपी, कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों को भी तबीयत से घेरा. ओवैसी ने आगे कहा, 'चंद्रशेखर इनकी रातों की नींद हराम कर चुका है. कुछ लोग कभी ये बर्दाश्त नहीं करेंगे कि हम भला कौन हैं, जो उनसे बराबरी की बात कर रहे हैं. ऐसे लोगों को बता दूं कि आज उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है.'
वहीं चंद्रशेखर आजाद ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी को बीजेपी की ‘बी टीम’ कहने से पहले अपने राजनीतिक फैसलों को भी देखना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अकेले चुनाव लड़ना ‘बी टीम’ होने का आधार है तो 2023 में मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के 71 सीटों पर लड़ने, उत्तराखंड में 70 सीटों पर मैदान में उतरने और जम्मू-कश्मीर में 20 सीटों पर चुनाव लड़ने को क्या कहा जाएगा.
चंद्रशेखर ने तीखे सवाल दागते हुए कांग्रेस को भी लपेटे में लिया. पत्रकारों से बातचीच के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का भी जिक्र हुआ तो यह कहा कि कांग्रेस और ममता बनर्जी की टीएमसी भी तो आमने-सामने लड़ चुकी हैं. ऐसे में सिर्फ अलग चुनाव लड़ने के आधार पर किसी पार्टी को बीजेपी की ‘बी टीम’ कहना और आरोप लगाकर भाग जाना सही नहीं है.
चंद्रशेखर ने 2023 के यूपी निकाय चुनाव में सपा के साथ अपने तालमेल और हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशी का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी को घेरा. समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि 'कांच का घर है, कोई पत्थर चटक के लग गया तो घमंड चकनाचूर हो जाएगा.'
दोनों नेताओं ने कहा कि हमारी हिस्सेदारी की आज जो बात हुई है वो सबसे अलग है. जो लोग 2014 से लेकर 2024 तक भाजपा को नहीं हरा पाए उनको वोट देने से कोई फायदा नहीं. आज कांग्रेस और सपा बीजेपी को नहीं रोक सकते. हमारा आज जो एलाइंस हुआ है वह मजबूत होगा. हमारे अलायंस में इतनी ईमानदारी है कि ये बीजेपी को रोकने में कामयाब होगा.
चंद्रशेखर और ओवैसी ने सपा और कांग्रेस के नेताओं द्वारा एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी काशीराम को बीजेपी की बी टीम बताने पर उन्हें जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि पब्लिक समझदार है. सब जानती है. किसी के ऊपर आरोप लगाकर भाग जाना अलग बात है और आरोप साबित करना अलग बात है. दोनों नेताओं ने कहा उनका मोर्चा अभी और मजबूत होगा.
ओवैसी ने कहा, 'जो लोग कांच के महलों में रहते हैं पत्थर ना मारें. उन्हें क्या मालूम कि जो परिवार मुश्किलों से गुजर रहे हैं, उनके दिलों पर क्या बीतती है. आप (अखिलेश) तो इएनटाइटलमेंट की राजनीति करते हैं. हम दोनों (ओवैसी-चंद्रशेखर) इस मिट्टी के लिए अपने जिस्म का एक-एक खून का कटरा बहाने को तैयार हैं. सुनो अखिलेश यादव अगर हमें अपना पद खून का एक एक कतरा बहाना पड़ा तो भी हम कहेंगे- सौदा सस्ता हुआ.
दोनों दलों के नेताओं ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अगर बीजेपी को रोकना है तो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी हमारे अलायंस में साथ आना चाहिए. हम बराबरी की बात करते हैं. कुछ लोगों को लगता था कि वो समाज या कौम के ठेकेदार हैं, उनके पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है. इसलिए हमारे साथ आइए और इमानदारी से बीजेपी को हराने में अपना योगदान दीजिए.
ओवैसी ने ये भी कहा कि सपा और कांग्रेस को एक बार फिर ऑफर दूंगा की वो हमारे गठबन्धन में साथ आए और बीजेपी को हराए. वरना अहंकार करने वालों की हालत आरजेडी जैसी होगी.
ओवैसी ने कहा कि जो घमंड कभी आरजेडी सुप्रीमो तेजस्वी यादव को था वैसा ही वहम यूपी में कुछ लोगों को है. ये लोग हमारे साथ नहीं आए तो 2027 में 27 पर सिमट जाएंगे.
(खबर अपडेट हो रही है...)