)
सिलिकॉन वैली में पिछले कुछ दिन से हॉलीवुड थ्रिलर फिल्म से भी बड़ा ड्रामा चल रहा है. एआई की दुनिया के सबसे बड़े नाम और एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग इस समय करियर के सबसे बड़े संकट से गुजर रहे हैं. इस मुश्किल के बीच उन्हें सबसे अमीर कारोबारी ऐलन मस्क का साथ मिल गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक यूजर की अपील पर रिएक्ट करते हुए मस्क ने जो कहा, उसने टेक वर्ल्ड में नई बहस छेड़ दी है. जेनसन हुआंग को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनकी कुर्सी जाने की चर्चा तेज है. इस बीच ऐलन मस्क की तरफ से उठाया गया कदम हर किसी को हैरान कर रहा है.
पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब एक्स (X) पर फाइनेंशियल कमेंट्री करने वाले पॉपुलर अकाउंट ने एलन मस्क को टैग करते हुए लिखा, प्लीज एलन मस्क जेनसन को हायर कर लीजिए. यह पोस्ट उस समय पर आई है जब अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि एनवीडिया (Nvidia) का बोर्ड जेनसन हुआंग को सीईओ पद से हटाने पर विचार कर रहा है. मस्क ने भी एक्स यूजर की तरफ से की गई अपील को नजरअंदाज नहीं किया. उन्होंने इस पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, यह मेरे लिये सम्मान की बात होगी.
मस्क ने भले ही इस किसी जॉब या पद की डिटेल नहीं दी है. लेकिन उनकी तरफ से लिखे गए पांच शब्दों ने यह साफ कर दिया कि वे इस कठिन दौर में भी हुआंग के साथ खड़े हैं. मस्क पहले भी हुआंग की प्रशंसा करते हुए कह चुके हैं कि उनसे बड़ी गलती जरूर हुई है लेकिन उनकी नीयत खराब नहीं थी. वह इस पीढ़ी के सबसे बेहतरीन एंटरप्रेन्योर्स में से एक हैं. सोशल मीडिया पर इस तरह की चर्चा के बाद यूजर्स के बीच यह सवाल आम हो गया है कि क्या आने वाले समय में हुआंग, मस्क के साथ मिलकर काम करेंगे?
जेनसन हुआंग के खिलाफ इस पूरे बवाल की जड़ में उनका एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार हुआंग का मेगास्पीड इंटरनेशनल की फाउंडर एलिस हुआंग के साथ रिश्ता था. यह मामला केवल उनकी प्राइवेट लाइफ तक ही सीमित नहीं रहा. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि एलिस हुआंग का संबंध चीनी इंटेलिजेंस से भी हो सकता है. इस खुलासे से अमेरिकी सांसदों के बीच भी चर्चा तेज है. सांसदों की तरफ से इस बात पर चिंता जाहिर की जा रही है कि कहीं चीन ने Nvidia के सीईओ को प्रभावित करने के लिए हनीट्रैप की चाल तो नहीं चली.
पूरा मामला सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने खुद आगे आकर अपनी गलती को माना है. उन्होंने मीटिंग के दौरान कर्मचारियों से इसको लेकर बातचीत की और अपनी पत्नी के प्रति बेबफाई की बात मानी. उन्होंने परिवार से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी इस हरकत से पत्नी और बच्चों को परेशानी हुई है. इसके लिए किसी तरह का बहाना नहीं हो सकता. हुआंग की तरफ से यह स्वीकार किये जाने के बाद Nvidia के बोर्ड ने तुरंत एक्शन लिया है. कंपनी बोर्ड की तरफ से ऐलान किया गया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है. इससे जुड़ी जांच की जिम्मेदारी जानी-मानी लॉ फर्म वाचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज को सौंपी गई है.
Nvidia पहले ही झटके से उबर नहीं पाई कि NYT की दूसरी रिपोर्ट ने नया बवाल खड़ा कर दिया. रिपोर्ट में दावा किया गया कि जेनसन हुआंग का सिर्फ एलिस हुआंग ही नहीं, बल्कि अपनी ही कंपनी की एक सीनियर एग्जीक्यूटिव के साथ भी अफेयर था. 48 साल की किम्बर्ली पॉवेल Nvidia में हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट हैं और जेनसन हुआंग को रिपोर्ट करती हैं. अखबार की रिपोर्ट के अनुसार मार्च में कैलिफोर्निया के सैन होजे में हुई एक Nvidia कॉन्फ्रेंस के दौरान होटल में हुआंग और पॉवेल को एक-दूसरे के बेहद करीब कैमरे में कैद किया गया था. दोनों पहले से शादीशुदा हैं और एक ही कंपनी में बॉस और सबऑर्डिनेट हैं. ऐसे में यह कंपनी के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन माना जा रहा है.
इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों का कहना है कि एलन मस्क कभी भी घाटे का सौदा नहीं करते. जेनसन हुआंग ने Nvidia को मामूली ग्राफिक्स कार्ड कंपनी से दुनिया की सबसे बड़ी वैल्यूएशन वाली AI कंपनियों की लिस्ट में लाकर खड़ा कर दिया है. मस्क अपनी कंपनी xAI और टेस्ला के सुपरकंप्यूटर्स के लिए एनवीडिया के चिप्स पर काफी निर्भर हैं. ऐसे में यदि विवाद के चलते Nvidia अपने सबसे काबिल लीडर को खो देती है तो Elon Musk के लिए यह किसी जैकपॉट से कम नहीं होगा. मस्क का यह बयान की हुआंग को हायर करना उनके लिए सम्मान की बात होगी...इससे यह साफ है कि वह हुआंग की काबिलियत की कितनी कद्र करते हैं. फिलहाल दुनियाभर की नजरें एनवीडिया की जांच रिपोर्ट और एलन मस्क के अगले कदम पर टिकी हैं.