)
अलवर जिले के बड़ौदामेव इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. गुर्जर खोर्रा की पुलिया के पास चैनल नंबर 112/600 पर तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौदामेव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. हादसा उस समय हुआ, जब एक्सप्रेस-वे पर पंचर हुई गाड़ी की स्टेपनी बदली जा रही थी.
पंचर गाड़ी की स्टेपनी बदल रहा था चालक
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी मनीषा गुप्ता की गाड़ी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पंचर हो गई थी. इसके बाद गाड़ी का चालक आदिल पुत्र आजाद सड़क किनारे खड़े होकर स्टेपनी बदल रहा था. इसी दौरान जगमोहन पुत्र खेमचंद भी अपनी NHAI कैंपर गाड़ी के पास रिपोर्ट तैयार कर रहा था. तभी दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार हेक्ट्र चौपहिया वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों में दिल्ली निवासी महिला और दो युवक शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जगमोहन (25) निवासी शीतल, बड़ौदामेव, मनीषा गुप्ता (26) निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली और चालक आदिल पुत्र आजाद के रूप में हुई है. तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही NHAI की एंबुलेंस मौके पर पहुंची. एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी बड़ौदामेव पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.