)
बॉलीवुड में बड़े बजट की फिल्मों और छोटे बजट की स्वतंत्र फिल्मों के बीच स्क्रीन बंटवारे को लेकर एक बार फिर बड़ी बहस छिड़ गई है. नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की नई फिल्म 'पायर' को क्रिटिक्स और दर्शकों से जबरदस्त तारीफ मिल रही है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म को देशभर में थिएटर्स नहीं मिल पा रहे हैं. कापड़ी ने दावा किया है कि हाल ही में रिलीज हुई मेगा-बजट फिल्म 'रामायण' के बाद उनकी फिल्म की स्क्रीन्स में 75 प्रतिशत की भारी कटौती कर दी गई है. अब इस मामले में 'ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन' यानी AICWA भी खुलकर विनोद कापड़ी के समर्थन में उतर आया है.
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक आधिकारिक पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्होंने 'पायर' के शोज कम किए जाने की निष्पक्ष जांच करने और फिल्म वितरण प्रणाली में बदलाव की मांग की है. एक्स पोस्ट पर शेयर किए गए लेटर के मुताबिक, एसोसिएशन का कहना है कि महज 2.5 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी 'पायर' ने शानदार वर्ड ऑफ माउथ के दम पर 80 से बढ़कर करीब 400 स्क्रीन्स हासिल कर ली थीं. लेकिन 'रामायण' की रिलीज के बाद अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बावजूद इसकी स्क्रीन्स घटाकर 100 से भी कम कर दी गईं.
अपने पत्र में AICWA अध्यक्ष ने साफ किया कि वे 'रामायण: राइज ऑफ लीजेंड' के खिलाफ नहीं हैं. उन्होंने लिखा कि यह एक बड़े बजट की फिल्म है जिसने सैकड़ों वर्कर्स और टेक्नीशियंस को काम दिया है और इसे सफल होना चाहिए. लेकिन एक बड़ी फिल्म की सफलता किसी ऐसी छोटी फिल्म की कीमत पर नहीं होनी चाहिए जिसे दर्शक पहले से पसंद कर रहे हैं. 'हनुमान' जैसी छोटी फिल्मों की सफलता का उदाहरण देते हुए गुप्ता ने कहा कि छोटे बजट की फिल्में भारतीय सिनेमा की रीढ़ हैं. अगर चलती हुई छोटी फिल्मों को ही थिएटर्स से हटा दिया जाएगा, तो नए टैलेंट को मौका नहीं मिलेगा और लाखों वर्कर्स का रोजगार छिन जाएगा.
सिनेमा संगठन ने केंद्र सरकार से 'फेयर स्क्रीन एलोकेशन पॉलिसी' बनाने और छोटे फिल्ममेकर्स की शिकायतें सुनने के लिए एक सिस्टम तैयार करने की मांग की है. 'पायर' को लेकर पत्र में कहा गया है कि इस बात की निष्पक्ष जांच हो कि अच्छे रिस्पॉन्स के बावजूद फिल्म को 400 से घटाकर 100 से कम स्क्रीन्स पर क्यों लाया गया. जांच में दोषी पाए जाने वाले थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए. साथ ही, जब तक जांच चल रही है, तब तक 'पायर' को ज्यादा से ज्यादा शोज वापस दिए जाएं ताकि दर्शक इसे देख सकें.
देखें ट्रेलर-
पिछले हफ्ते रिलीज हुई 'पायर' हिमालय के एक शांत गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की भावुक कहानी है, जो अपने बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. इसमें नए कलाकारों ने काम किया है. शनिवार को विनोद कापड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर अपना दर्द बयां किया था. बिना किसी फिल्म का नाम लिए उन्होंने कहा कि थिएटर मालिकों को आदेश दिया गया है कि एक फिल्म के अलावा कोई दूसरी फिल्म नहीं चलेगी.
उन्होंने सवाल उठाया कि दूसरी फिल्मों को रोककर अपनी फिल्म चलाना कहां का सम्मान है. कापड़ी ने कहा कि अगर आपने बहुत पैसा खर्च किया है, तो हमने फिल्म बनाने में अपनी आत्मा लगा दी है, इसलिए हमें भी बराबरी का मौका मिलना चाहिए.