)
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस ने गत 30 अक्टूबर को एक बड़े और अवैध आईवीएफ (IVF) रैकेट का भंडाफोड़ किया था. मलकाजगिरी पुलिस ने इस दौरान शहर के पांच अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की थी. इस दौरान 43 महिलाओं का रेस्क्यू किया गया था. पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि ये महिलाएं इस अवैध रैकेट का शिकार बनी थीं. अधिकांश पीड़ित महिलाएं देश के अलग-अलग राज्यों से थीं और उन्हें ही टारगेट बनाया गया, जो आर्थिक रूप से कमजोर थीं.
दरअसल, ये रैकेट महिलाओं के अंडे यानी ओसाइट निकालकर उन्हें भारी मुनाफे में बेचने का काम करता था. पुलिस का दावा है कि यह गैर-कानूनी अंडा निकालने का स्कैम है. पुलिस ने प्रकाश नगर, बेगमपेट, एरागाड्डा, सरूरनगर और गोपालपुरम में एकसाथ छापेमारी की थी.
सबसे खास बात है कि ये गोरखधंधा मुख्य तौर पर महिलाओं के हॉस्टल और रिहायशी इमारतों में पिछले 2 साल से चल रहा था. अब इस कांड के बाद शहर के 23 आईवीएफ सेंटर भी पुलिस की जांच के दायरे में हैं. मौके से पुलिस ने इंजेक्शन, सिरिंज, सुई और कई दवाइयां बरामद की हैं.
भारत में असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (रेगुलेशन) एक्ट, 2021 के तहत ह्यूमन अंडों की बिक्री या ट्रांसफर पर रोक है. नियम के अनुसार, अंडों के डोनर की उम्र 23 से 35 साल के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा वह अपनी पूरी जिंदगी में सिर्फ एक बार डोनेट कर सकता है.
इसके अलावा एक साथ सात से अधिक अंडों को निकाला नहीं जा सकता. कानून के मुताबिक, कमीशनिंग कपल या महिला को-डोनर को निकालने की प्रक्रिया से होने वाली दिक्कतों को कवर करने के लिए कम से कम 12 महीने का स्वास्थ्य बीमा देना आवश्यक होता है.
इस रैकेट से जिन महिलाओं का रेस्क्यू किया गया है, उनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे की रहने वाली महिलाएं शामिल हैं. एजेंटों ने मुख्य रूप से उन महिलाओं को निशाना बनाया जो भारी कर्ज और गरीबी में डूबी थीं.
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता की रहने वाली एक महिला ने कहा कि उसके पिता की किडनी खराब है और इलाज के लिए साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था. घर पर रोज कर्जदार आते थे. पीड़िता ने कहा कि उसको इस काम के लिए 50,000 रुपये देने का वादा किया गया था. उसने रोते हुए कहा कि मैंने अपने सेहत की चिंता नहीं की, केवल परिवार के बारे में सोचा. मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि ये गैरकानूनी है.
वहीं, महाराष्ट्र की रहने वाली एक 25 साल की महिला ने कहा कि उसका पति एक हादसे के बाद बिस्तर पर पड़ा है और घर में 75 साल की एक दादी भी हैं. उसको एक महीने के काम के लिए 30,000 रुपये और चारों वक्त का खाना देने का लालच दिया गया था.
कोलकाता की एक 30 साल की महिला बताती है कि अपनी 12 साल की बेटी के लिए पैसे कमाना चाहती थी. उधर, यूपी की एक 33 साल की महिला का कहना है कि भीषण गरीबी के कारण उसका परिवार आत्महत्या करने की सोच रहा था. इसी दौरान एक एजेंट ने उन्हें 30,000 रुपये का यह काम दिलाया.
एजेंटों ने किसी महिला को सच्चाई नहीं बताई थी. मुंबई की एक 26 साल की महिला का कहना है कि उसको कैटरिंग के काम के लिए 40,000 रुपये महीने का ऑफर मिला था. हैदराबाद आने पर उसको इस बारे में पता चला. एजेंटों ने महिलाओं के पहचान पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक अपने पास रख लिए थे. पुलिस ने जांच के दौरान एक ही एजेंट के पास से 100 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए. ये सभी अलग-अलग राज्यों की महिलाओं के नाम पर बने थे.
30 अक्टूबर की छापेमारी के बाद पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और सभी को जेल भेज दिया गया है. आरोपियों में अमित शर्मा, निखत परवीन, रेशमा खातून, मेघावथ श्रीनिवास, जे प्रदीप, एसके प्रवीण, विजय और पंकज सोनी का नाम शामिल है.
मामले में पुलिस अमित शर्मा को मुख्य सरगना मान रही है, तो निखत परवीन पर एजेंटों के जरिए बंगाल से महिलाओं को लाने का आरोप लगा है. ये पूरा गिरोह काम को बांटे हुए था और महिलाओं को लाने, ठहराने और क्लीनिक तक ले जाने का काम खास प्लान के तहत किया जा रहा था.