)
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है. छठ घाटों से लेकर शहर की मुख्य सड़कों तक 2 हजार से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी. खास बात यह है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती होगी. सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
वहीं, जिन तालाबों पर NDRF या SDRF की तैनाती संभव नहीं होगी, वहां स्थानीय गोताखोरों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी. बड़े तालाबों पर भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा, महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भी घाटों के आसपास तैनात किया जाएगा. त्योहार के दौरान बाहर जाने वाले परिवारों के खाली घरों की सुरक्षा के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है.
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है. ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोग उल्लास और उत्साह में रहते हैं, जिसकी वजह से अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं. ट्रैफिक एसपी ने अपील करते हुए कहा कि इस छठ महापर्व पर छठी मैया के सामने सिर्फ पूजा-अर्चना ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने का भी संकल्प लें. आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है.
दुमका में भी लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर शहर के छठ घाटों पर व्रतियों-श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, मरम्मत और रंगाई-पुताई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. जिला प्रशासन ने खुंटा बांध, बड़ा बांध और रसिकपुर तालाब का निरीक्षण किया. दुमका डीसी अभिजीत सिन्हा, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार और एसडीएम कौशल कुमार सहित कई अधिकारियों ने छठ घाटों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था से संबंधित कई निर्देश जारी किए.
इस वर्ष खुंटा बांध छठ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मिट्टी की जीवंत मूर्तियां खास होंगी, जिसके माध्यम से छठ महापर्व के आध्यात्मिक, वैज्ञानिक और पौराणिक महत्व को दर्शाया जाएगा. निरीक्षण के बाद दुमका उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी छठ घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है, ट्रैफिक और सुरक्षा को लेकर पुलिस सजग है, घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और गोताखोरों की व्यवस्था होगी ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो.
छठ को लेकर पाकुड़ जिले के विभिन्न घाटों पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. शहर के तालाबों के घाटों की साफ-सफाई, पंडाल, लाइटिंग और पोखरों के सौंदर्यीकरण को लेकर लोग दिन-रात जुटे हुए हैं. लोगों के बीच हर्ष और उल्लास का माहौल है. माहौल पूरा भक्तिमय हो चुका है. शहर के दर्जनों छठ तालाबों के घाटों में पर्व मनाया जाएगा. शहर के प्रसिद्ध टीन बांग्ला पोखर घाट पर इस बार विशेष सजावट की जा रही है.
पोखर के चारों ओर दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग की जा रही है. पेंटिंग के माध्यम से पूरे घाट को खूबसूरत रूप देने की तैयारी चल रही है. साथ ही, छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक बांस के सूप और दउरा की मांग भी बढ़ गई है. छठ पर्व की बढ़ती रौनक के साथ सूप और दउरा बनाने वाले कारीगरों की व्यस्तता भी बढ़ गई है.
बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने लगी है. बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन पर इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. बिहार के क्यूल, जमुई, गिद्धौर और झाझा सहित देवघर के आसपास के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग ट्रेन के माध्यम से देवघर पहुंच रहे हैं. स्टेशन पर उतरने के बाद श्रद्धालु सीधे बाबा मंदिर के समीप स्थित शिवगंगा पहुंचते हैं और पवित्र जल में स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं.
मान्यता है कि शिवगंगा का जल गंगा के समान पवित्र है. इसी आस्था और विश्वास के साथ श्रद्धालु यहां स्नान कर छठ महापर्व की शुरुआत करते हैं. छठ पर्व को लेकर देवघर में धार्मिक माहौल बनने लगा है और शिवगंगा परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है.
रिपोर्ट: जी मीडिया