)
धर्म-शास्त्रों में भगवान गणेश के 32 रूपों का वर्णन है, इसमें कुछ रूप बेहद प्रसिद्ध हैं, जिसमें वरद रूप भी शामिल है. इस रूप को वरद गणपति कहते हैं, जिसकी पूजा मनोकामना पूर्ति के लिए विशेष रूप से की जाती है. वरद का मतलब है वरदान देने वाले. कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर विशेष रूप से वरद गणपति की पूजा की जाती है. मान्यता है कि ऐसा करने से अधूरी इच्छाएं पूरी होती हैं. इस साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी का व्रत 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को रखा जाएगा.
शास्त्रों के अनुसार, भगवान गणेश के वरद स्वरूप में भगवान गणेश अपनी बाईं ओर मुड़ी हुई सूंड के साथ विराजमान हैं. उनके एक हाथ में रत्नों से भरा कलश रहता है, जो समृद्धि और इच्छापूर्ति का प्रतीक है. कुछ जगहों पर गणपति की सूंड में रत्नकुंभ सुशोभित रहने का उल्लेख भी मिलता है.
कार्तिक मास की यह वरद चतुर्थी इसलिए भी खास है क्योंकि इसी दिन से छठ महापर्व (नहाय-खाय) भी शुरू होता है. यह व्रत संतान की लंबी उम्र, सुख, समृद्धि और अच्छी सेहत की कामना के लिए रखा जाता है. ऐसे में इस चतुर्थी का महत्व और भी ज्यादा है.
द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि 12 नवंबर की शाम 06:09 से शुरू होकर 13 नवंबर की रात 08:42 बजे तक रहेगी. उदयातिथि के आधार पर 13 नवंबर को वरद चतुर्थी व्रत रखा जाएगा और गणेश जी की पूजा होगी. पूजा में गणेश जी को दूर्वा, मोदक आदि जरूर अर्पित करें.
शुक्ल पक्ष की चतुर्थी में मध्याह्न पूजा का महत्व है, इसका सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त: सुबह 11:01 बजे से दोपहर 01:18 बजे तक
पूजा की कुल अवधि: 2 घंटे 17 मिनट
ध्यान रखें कि हर महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को चंद्रमा का दर्शन करना वर्जित माना जाता है. लिहाजा 13 नवंबर को चतुर्थी की रात चंद्रमा न देखें, वरना इससे झूठे आरोप या कलंक लगने की मान्यता है.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और धार्मिक जानकारियों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)