App

Chhath Puja 2026 Calendar: छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर, जानिए कब है नहाय-खाय, खरना और अर्घ्य

Chhath Puja 2026: सूर्य की पूजा का महापर्व छठ अब शुरू होने को है. साल 2026 में छठ पूजा पर्व 13 नवंबर से शुरू हो रहा है. लिहाजा तैयारियां जोरों पर हैं, चेक कर लें कहीं आप से कोई काम छूट तो नहीं रहा है.

Chhath Puja 2026 Calendar: छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर, जानिए कब है नहाय-खाय, खरना और अर्घ्य
Image Credit: छठ पूजा पर्व की तैयारी और 4 दिन का शेड्यूल. (Photo:AI)

दिवाली के बाद छठ पूजा का इंतजार शुरू हो जाता है और साथ ही इसकी तैयारियां तेज हो जाती हैं. साल 2026 में छठ पूजा महापर्व 13 नवंबर 2026 से शुरू हो रहा है और 16 नवंबर को उषा अर्घ्‍य के साथ संपन्‍न होगा. वहीं अस्‍ताचलगामी सूर्य का संध्‍या अर्घ्‍य 15 नवंबर 2026 को दिया जाएगा, जिसे मुख्‍य अर्घ्‍य कहते हैं. आइए जानते हैं सूर्य और छठी मइया की पूजा के इस पर्व का पूरा कैलेंडर और हर दिन की तैयारी.

क्‍यों मनाते हैं छठ पर्व?

सूर्य देव और छठी मइया की उपासना का यह पर्व संतान की लंबी उम्र और उसकी सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है. बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) का प्रमुख पर्व है.

बेहद कठिन होता है छठ व्रत

छठ पर्व कई मायनों में बेहद कठिन होता है.

- इसमें 36 घंटे का लंबा निर्जला व्रत रखना होता है. 
- 4 दिन के पर्व के लिए ढेर सारी तैयारियां करनी होती हैं. 
- इस व्रत के नियम और अनुशासन का सख्‍ती से पालन करना होता है. 
- इस व्रत में पवित्रता और सात्विकता का विशेष ध्‍यान रखा जाता है.

छठ व्रत 2026 कैलेंडर

13 नवंबर 2026, शुक्रवार : नहाय-खाय
14 नवंबर 2026, शनिवार : खरना 
15 नवंबर 2026, रविवार : संध्‍या अर्घ्‍य (मुख्‍य पर्व) 
16 नवंबर 2026, सोमवार : उषा अर्घ्‍य

छठ पर्व की सामग्री

छठ पूजा की तैयारी कई दिन पहले से शुरू हो जाती है क्‍योंकि इसमें पारंपरिक और प्राकृतिक सामग्रियों का ही उपयोग किया जाता है. साथ ही प्रसाद बनाने से जुड़ा हर काम पूरी शुद्धता और पवित्रता से किया जाता है.

अर्घ्‍य देने के लिए बांस का सूप और दउरा (टोकरी). कई लोग पीतल के बर्तन का भी इस्‍तेमाल करते हैं.

प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी का चूल्‍हा, बर्तन, मौसमी फल और सब्जियां जैसे -  गन्ना (पत्ते और जड़ सहित), नारियल (पानी वाला), सुथनी, शकरकंद, कच्ची हल्दी व अदरक के पौधे, नींबू (बड़ा/डाभ नींबू), केला (पूरा घौद), सेब, संतरे, और सिंघाड़ा.

ठेकुआ बनाने के लिए नया गेहूं, गुड़, शुद्ध देसी घी, अक्षत (चावल).

पूजा का सामान जैसे सिंदूर (लाल/पीला), कपूर, धूपबत्ती, सूती धागा (सूत) और लाल/पीला कपड़ा आदि.

छठ पूजा की तैयारी

छठ पूजा में साफ-सफाई, पवित्रता का बड़ा महत्‍व है इसलिए छठ पूजा का सामान घर में लाने से पहले पूरे घर की अच्‍छी तरह साफ-सफाई की जाती है.

- किचन की तो डीप क्‍लीनिंग करें.

- प्रसाद बनाने के बर्तन निकालें और उन्‍हें साफ कर लें. क्‍योंकि प्रसाद बनाने में रोजमर्रा में उपयोग होने वाले बर्तनों का इस्‍तेमाल नहीं किया जाता है.

- जिस स्‍थान पर प्रसाद बनना हो उसको भी अच्‍छी तरह साफ करें और वहां पर केवल पवित्र स्थिति में ही जाया जाता है.

- प्रसाद का ठेकुआ और खजूर बनाने के लिए गेहूं व चावल को धोकर लाल कपड़े पर फैलाकर सुखाएं. इसकी देखरेख करते रहें ताकि कोई पशु-पक्षी उसे जूठा न करें.

- इसी तरह गेहूं और चावल को पूरी पवित्रता के साथ पीसें, इसमें किसी अन्‍य अनाज का एक दाना भी न आए, इसलिए चक्‍की को अच्‍छे से साफ कर लें.

ध्‍यान रखें कि छठ पूजा की तैयारी शुरू होते ही घर में लहसुन-प्याज समेत कोई भी तामसिक चीज न घर में लाएं न ही उनका सेवन करें. ताकि व्रत की पवित्रता बनी रहे और छठी मइया प्रसन्‍न होकर आपकी मनोकामना पूरी करें.

(Disclaimer- इस लेख में दी गई तिथियां, पूजा विधि और जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं. Zee News इसकी सटीकता या आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है. किसी भी उपाय या व्रत के नियमों को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ या पुरोहित की सलाह अवश्य लें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More