App

पलामू में RJD विधायक की फजीहत: दलित युवक के कंधे पर बैठकर पार कर रहे थे नदी, संतुलन बिगड़ते ही धड़ाम से पानी में गिरे

पलामू में RJD विधायक नरेश सिंह को नदी पार करते समय शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा. उन्हें एक व्यक्ति के कंधों पर बिठाकर नदी पार कराई जा रही थी, लेकिन तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नदी में जा गिरे. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पलामू में RJD विधायक की फजीहत: दलित युवक के कंधे पर बैठकर पार कर रहे थे नदी, संतुलन बिगड़ते ही धड़ाम से पानी में गिरे
Image Credit: पलामू में दलित युवक के कंधे कर बैठकर नदी पार कर रहे थे विधायक जी, गिरे धड़ाम (जी मीडिया)

पलामू में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) विधायक नरेश सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक दलित युवक के कंधे पर बैठकर धुरिया नदी पार करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान अचानक संतुलन बिगड़ता है और वे धड़ाम से नदी में गिर जाते हैं. बता दें कि पलामू के धुरिया नदी पर पुल नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.

कंधे पर सवार होकर पार कर रहे थे नदी

मीडिया रिपोर्ट्स की माने, तो क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक को नदी पार करनी थी. पुल के अभाव में जब कोई अन्य साधन नहीं मिला, तो एक स्थानीय दलित व्यक्ति को उनका जरिया बनाया गया और विधायक उसके कंधे पर सवार होकर नदी पार करने लगे. इस दौरान बीच नदी में ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में धड़ाम से गिर पड़े.

राजनीतिक बयानबाजी हुई शुरू

इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. विपक्षी दलों ने विधायक के इस अंदाज पर तीखा हमला बोला है. इसे जनप्रतिनिधि की 'सामंतवादी सोच' करार दिया है. उनका कहना है कि एक दलित व्यक्ति के कंधे पर सवार होकर नदी पार करना न केवल मानवाधिकार और सामाजिक समानता के सिद्धांतों के खिलाफ है, बल्कि यह समाज के सबसे कमजोर तबके के प्रति संवेदनहीनता और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना भी है. एक चुने हुए प्रतिनिधि से इस तरह के आचरण की बिल्कुल उम्मीद नहीं की जाती है.

इस घटना ने प्रशासन को दिखाया आइना

बता दें कि इस पूरी घटना ने धुरिया नदी पर लंबे समय से लंबित पुल निर्माण की मांग को एक बार फिर से सुर्खियों में ला दिया है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पुल न होने के कारण आम जनता को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है. जनप्रतिनिधि के साथ हुई इस फजीहत भरी घटना ने स्थानीय प्रशासन और सरकार को आइना दिखा दिया है. फिलहाल, यह घटना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है.

रिपोर्ट: श्रवण कुमार, पलामू

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More