)
भाई दूज पर धर्मनगरी मथुरा में आस्था और श्रद्धा का महासंगम देखने को मिला. भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में यमुना नदी के तट पर सुबह तड़के से ही देश-विदेश से आए हजारों भाई-बहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भाई-बहनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पवित्र यमुना जल में डुबकी लगाई और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की.
क्या है धार्मिक मान्यता?
अक्षय पुण्य और यम फांस से मुक्ति की मान्यता धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, मां यमुना यमराज की सगी बहन हैं. माना जाता है कि यम द्वितीया के दिन स्वयं यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने आए थे. इस दिन जो भाई-बहन एक साथ यमुना में स्नान करते हैं, उन्हें यमराज के भय और यमलोक की यातनाओं से सदा के लिए मुक्ति मिल जाती है. इसी प्राचीन मान्यता के चलते विश्राम घाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर स्नानार्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा.
बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
स्नान के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की. वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे. मां यमुना के घाटों पर गोताखोरों, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात रखा गया, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे. पूरे घाट परिसर में 'जय यमुना मैया' के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा. ऐसा ही नजारा प्रयागराज के यमुना घाट पर देखने को मिला.
घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सभी श्रद्धालु यहां पर आज यमुना जी के किनारे तट पर स्नान के लिए पहुंच रहे हैं. मंगलवार से ही बाहर से आए श्रद्धालुओं द्वारा स्नान शुरू कर दिया गया था. स्नान की सुरक्षा की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यमुना जी में गहरे पानी में घेराबंदी की व्यवस्था और नाव से पेट्रोलिंग करवाई जा रही है. सिविल पुलिस द्वारा सेक्टर और जोन में ड्यूटी लगाई गई है. 8-9 थानों का फोर्स यहां पर है और PAC का अतिरिक्त बल भी यहां पर लगाया गया है.
उन्होंने बताया कि बाहर से आए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बीच-बीच में उन्हें निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि वो आसानी से घाटों पर पहुंचकर स्नान करें और सुरक्षित यहां से दर्शन करके जा सकें.
(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)