)
नोएडा के थाना फेस-1 में स्कूटी की टक्कर को लेकर हुए विवाद में युवक अमित की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में फरार चल रहे आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी की बुधवार, 11 नवंबर को पुलिस से मुठभेड़ हो गई. ये मुठभेड़ सेक्टर-3 के एक पार्क के पास हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है. पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को थाना फेस-1 पुलिस टीम को स्थानीय इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी सेक्टर-3 नोएडा के एक पार्क में मौजूद है.
पुलिस को ये भी जानकारी मिली थी कि आरोपी पार्क से कहीं भागने की फिराक में है. सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस को पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल खड़ी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने पार्क के अंदर जाकर आरोपी की तलाश शुरू की. इसी दौरान आरोपी और उसका एक साथी सामने से पुलिस टीम को आता देखकर भागने का प्रयास करने लगे. पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की. खुद को पुलिस से घिरता देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी के पैर में गोली लग गई. गोली लगने से वो घायल होकर मौके पर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने मौके से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है.
दरअसल, फेस-1 क्षेत्र में 8 और 9 नवंबर 2026 के रात में नया बांस गांव के पास कुछ युवक एक पार्क में मौजूद थे. इनमें अमित, शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद समेत अन्य युवक शामिल थे. युवक स्कूटी से वहां से जाने लगे तो स्कूटी एक युवक के पैर से टकरा गई. इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि संबंधित युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. इस घटना के दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि शिवम के सिर में भी चोट लगी थी. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम का इलाज जारी है. इस मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था. इसी मुकदमे में आफताब उर्फ तुस्सी वांछित चल रहा था.
Input-IANS