App

मां के साथ खेल रहा था 4 साल का बच्चा, अचानक खुले सीवर में गिरा, रेस्क्यू जारी

दिल्ली के बाहरी इलाके नांगली विहार में एक बड़ा हादसा सामने आया है. यहां दास गार्डन कॉलोनी के पास 4 साल का एक बच्चा खुले मैनहोल से सीवर में गिर गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

मां के साथ खेल रहा था 4 साल का बच्चा, अचानक खुले सीवर में गिरा, रेस्क्यू जारी
Image Credit: नांगली विहार में 4 साल का बच्चा अचानक खुले सीवर में गिरा

दिल्ली के नांगली विहार के दास गार्डन कॉलोनी के पास  से एक मामला सामने आया है. यहां एक 4 साल का बच्चा खुले सीवर में गिर गया. बच्चे की तलाश करने के लिए बड़े लेवल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. वहीं मौके पर NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA और BSF की टीमें मौजूद हैं. बच्चे को  सुरक्षित बाहर  निकालने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.  

वहीं लापता बच्चे की पहचान इमरान के रूप में हुई है. वो उस समय पार्क में खेलने के लिए गया था.  इसी दौरान वह शौच के लिए सीवर के पास गया और खुले सीवर में गिर गया. बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने बताया, "मेरे बेटे का नाम इमरान है. वह पार्क में खेलने आया था और शौच के लिए सीवर के पास गया. सीवर खुला हुआ था, जिसमें वो गिर गया.  

सुबह से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

बच्चे के सीवर में गिरने की जैसे ही सूचना मिली प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. एसडीएम रजत मल्होत्रा के अनुसार, करीब 4 बजे एक कॉल आया था.कॉल पर बताया गया कि चार साल का एक बच्चा सीवर में गिर गया है. NDRF की टीम और पूरा प्रशासन बच्चे की तलाश में जुटा हुआ है. कॉल के बाद से ही सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. वहीं प्रशासन बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कोशिश कर रही है. NDRF की टीम भी हमारे साथ मौजूद है.

अग्निशमन अधिकारी ने क्या कहा? 

रेस्क्यू ऑपरेशन में दिल्ली फायर सर्विस की अलग-अलग स्टेशनों की टीमें शामिल हैं. एक अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, हमें इस घटना की सूचना सुबह 9:45 बजे मिली थी. मैं यहां ड्यूटी पर आया हूं. इससे पहले दिल्ली फायर सर्विस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई थी. फायर सर्विस को करीब 3:28 बजे इसकी सूचना मिली थी. इसके बाद मुजफ्फरनगर स्टेशन, रेवपुरी स्टेशन और जवाहरपुरी स्टेशन की टीमें भी यहां पहुंची थीं.

अधिकारी ने बताया कि वो सुबह से ही बचाव अभियान में जुटे हुए हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 4 साल का बच्चा अपनी मां के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह खुले सीवर के पास पहुंचा और उसमें गिर गया. फिलहाल बच्चे की तलाश जारी है. NDRF और अन्य बचाव टीमें सीवर के आसपास सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. वहीं, परिवार को बच्चे के सुरक्षित मिलने का इंतजार है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More