)
फुटबॉल के भगवान कहे जाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फैंस पूरी दुनिया में फैले हैं. उनकी एक झलक पाने के लिए लोग तरसते हैं. ऐसे में अगर कोई आपको समंदर के बीच से रोनाल्डो का आलिशान घर दिखा दे, तो फैंस का खुश होना तो बनता ही है. ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक भारतीय मर्चेंट नेवी अफसर ने पुर्तगाल के समंदर से रोनाल्डो के सी-फेसिंग विला का एक बेहद खूबसूरत वीडियो अपने कैमरे में कैप्चर किया है. यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल होने लगा.
इस वीडियो को देहरादून के रहने वाले मर्चेंट नेवी अफसर साहिल अकरम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है. साहिल अपने काम के सिलसिले में समंदर के रास्ते अलग-अलग देशों की यात्रा करते रहते हैं. जब उनका जहाज पुर्तगाल के मडेरा तट के पास से गुजर रहा था, तो उन्होंने दूर से ही रोनाल्डो के घर को पहचान लिया. साहिल ने तुरंत अपना कैमरा निकाला और रोनाल्डो के उस बड़े से संतरी रंग के विला को शूट कर लिया, जो चारों तरफ हरियाली से घिरा हुआ था.
वीडियो के वायरल होते ही फुटबॉल प्रेमियों के कमेंट्स की बाढ़ आ गई. लोग इस क्लिप को देखकर बहुत खुश हो रहे हैं. कुछ फैंस ने पूछा कि क्या उस वक्त रोनाल्डो घर के अंदर मौजूद थे, तो कुछ लोग घर की लोकेशन की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए. एक यूजर ने लिखा, "ओहो! क्या सी-फेसिंग घर लिया है भाई." वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, "यह तो बहुत ही बड़ा और सुंदर घर है." मडेरा के फंचल पोर्ट के पास बने इस विला को देखकर फैंस लगातार प्यार भरे इमोजी शेयर कर रहे हैं.
एक तरफ जहां उनके घर का यह वीडियो तहलका मचा रहा है, वहीं दूसरी तरफ क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल करियर को अलविदा कह चुके हैं. रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 234 मैच खेले हैं और 146 गोल दागे हैं. उनके संन्यास की खबर से दुनिया भर के रोनाल्डो फैंस थोड़े भावुक जरूर हैं, लेकिन अपने स्टार खिलाड़ी के इस आलिशान घर का नजारा देखकर उनके चेहरे पर फिर से मुस्कान आ गई है.