App

Kartik Purnima 2026: दिवाली के बाद अब देव दिवाली की बारी, जानें सही तारीख और मुहूर्त

दिवाली महापर्व भाई दूज के साथ समाप्‍त हुआ और अब बारी है देव दिवाली की. देव दीपावली वो दिन होता है जब देवता स्‍वयं धरती पर दिवाली मनाने आते हैं. जानिए इस साल यह पर्व कब है और दीपदान करने का शुभ समय क्‍या है.

Kartik Purnima 2026: दिवाली के बाद अब देव दिवाली की बारी, जानें सही तारीख और मुहूर्त
Image Credit: कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही देव दीपावली पर्व मनाया जाता है, जो कि इस साल 24 नवंबर 2026 को है. (Photo:AI)

देव दिवाली कार्तिक मास की पूर्णिमा को मनाते हैं, यानी कि कार्तिक अमावस्‍या को दीपावली मनाने के ठीक 15 दिन बाद यह पर्व मनाया जाता है. मान्‍यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात देवता स्‍वयं धरती पर आते हैं और दीपावली मनाते हैं इसलिए इसे देव दिवाली कहते हैं. देव दीपावली पर सुबह गंगा स्‍नान करने, दान करने और शाम को दीपदान करने का बड़ा महत्‍व है. इस दिन भगवान विष्‍णु और माता लक्ष्‍मी की पूजा विशेष रूप से की जाती है. आइए जानते हैं कि इस साल देव दिवाली कब है और पूजा व दीपदान का शुभ मुहूर्त क्‍या है?

देव दिवाली कब है?

द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा 23 नवंबर 2026 की देर रात 11:42 बजे से प्रारंभ होगी और 24 नवंबर की रात 08:23 बजे तक रहेगी. चूंकि देव दीपावली का दीपदान शाम को प्रदोष काल में किया जाता है इसलिए 24 नवंबर 2026, मंगलवार को देव दीपावली मनाई जाएगी.

24 नवंबर को ही कार्तिक पूर्णिमा का व्रत रखा जाएगा और इसी दिन गंगा स्‍नान किया जाएगा व पूर्णिमा का दान किया जाएगा. यदि गंगा स्‍नान न कर सकें तो घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्‍नान करने से भी पुण्‍य प्राप्‍त होगा.

कार्तिक पूर्णिमा 2026 स्‍नान मुहूर्त

कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में स्‍नान का समय: सुबह 05:03 बजे से 05:56 बजे तक (सबसे शुभ). 

दूसरा मुहूर्त : सुबह 06:22 बजे से सुबह 08:31 बजे तक.

कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा के लिए अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11:23 बजे से दोपहर 12:06 बजे तक.

हालांकि अलग-अलग स्‍थानों पर इन मुहूर्त के समय में कुछ अंतर हो सकता है. ये मुहूर्त मोटे तौर पर दिल्‍ली-एनसीआर के लिए हैं.

देव दीपावली पर दीपदान का समय

इस साल देव दीपावली पर दीपदान करने और शाम पूजा करने के लिए शुभ मुहूर्त शाम 05:24 बजे से रात 08:06 बजे तक है.

मान्‍यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की शाम पवित्र नदियों के घाट पर या मंदिर में दीपदान करने से पाप नष्‍ट होते हैं, देवी-देवताओं की कृपा होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य जानकारियों और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More