)
दिग्गज कंपोजर और सिंगर एआर रहमान इन दिनों रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' में दिए गए म्यूजिक को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. इसी बीच 21 नवंबर को उनका गुरुग्राम में कॉन्सर्ट होने वाला था जो उनके वंडरमेंट टूर का हिस्सा था, लेकिन अब इस कॉन्सर्ट को पोस्टपोन कर दिया गया है. एआर रहमन के कॉन्सर्ट का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, लेकिन अब इसके लिए उन्हें अगले साल तक इंतजार करना पड़ेगा. कॉन्सर्ट के आयोजकों ने अब इसे अगले साल आयोजित करने का फैसला किया है. हालांकि अभी नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है.
यह कॉन्सर्ट अगले हफ्ते 21 नवंबर को गुरुग्राम के बैकयार्ड स्पोर्ट्स क्लब में शाम 7 बजे होने वाला था. अब 'असामान्य हालात' के वजह से इस कॉन्सर्ट को स्थगित कर दिया गया है. इस कॉन्सर्ट के लिए बिक्री शुरू हो चुकी थी और बड़ी संख्या में लोगों ने इसकी टिकट भी बुक कर ली थीं. टिकट की कीमत अलग-अलग कैटेगरी में रखी गई थीं. हालांकि ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म ने टिकट खरीद चुके लोगों को कैंसिलेशन और रिफंड से जुड़े ईमेल भेजने शुरू कर दिए हैं.
हाल ही में एचटी से खास बातचीत में कॉन्सर्ट की प्रोड्यूसर 'ईवा लाइव' ने बताया, 'कुछ असामान्य हालात और आखिरी समय में आए ऐसे अहम घटनाक्रमों के कारण, जिन्हें टाला नहीं जा सकता, ए.आर. रहमान दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख को अगले साल के लिए टाल रहे हैं.' कॉन्सर्ट की नई तारीख के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
टिकट-बुकिंग प्लेटफॉर्म्स ने भी लोगों को कैंसिलेशन के बारे में सूचित करना शुरू कर दिया है. रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो गई है और जिन लोगों ने टिकट बुक किए थे, उन्हें ईमेल भेजे जा रहे हैं. कॉन्सर्ट के टिकट की कीमतें जनरल स्टैंडिंग एक्सेस के लिए 2,499 रुपये से लेकर प्रीमियम वीआईपी डेक के लिए 1.5 लाख रुपये तक की थीं.
इस कॉन्सर्ट के पोस्टपोन हो जाने से फैंस काफी निराश हैं, खासकर वे लोग जो शहर में इस संगीत उस्ताद को लाइव परफॉर्म करते देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. किसी का कहना है कि कॉन्सर्ट के लिए उन्होंने प्रीमियम टिकट खरीदे थे और इस देरी से वह काफी निराश है.
हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार के कॉन्सर्ट को ऐन मौके पर रद्द करना पड़ा हो. पिछले साल 'ए.आर. रहमान: हार्मनी ऑफ हार्ट्स' नाम के उनके एक कॉन्सर्ट के कई टिकट शो से ठीक 24 घंटे पहले अचानक रद्द कर दिए गए थे.