)
दीपावली पर बागपत से एक ऐसी दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है. यहां रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. बदमाशों ने राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात जवान सौरभ को गोली मार दी. गोली सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में घायल को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
क्या बोले पिता जनकराज?
घायल जवान के पिता जनकराज ने बताया कि उनका बेटा राष्ट्रपति भवन, अमृतसर में तैनात है. दिवाली वाले दिन शाम 8 बजे वह छुट्टी पर घर आया था. घर पर बैठकर परिवार के साथ पटाखे छुड़ा रहा था, तभी दो बदमाश आए और मारपीट करने लगे. बात इतनी बढ़ी कि एक ने बड़े लड़के पर प्लास्टिक के डंडे से वार किया और दूसरे ने गोली चला दी. इसके बाद वे मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में चल रहा इलाज
उन्होंने बताया कि बेटे का ऑपरेशन हो चुका है और अब उसकी हालत कुछ हद तक सामान्य है. वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है. पिता जनकराज ने बताया कि उनका बेटा शादीशुदा है और उसका 9 महीने का एक बेटा है. परिवार में तीन बेटे हैं. एक बेटा होटल में काम करता है और दूसरा बेटा विनीत कुमार, जो घायल हुआ है, वह पिता के पास ही रहता है.
2-3 बार जेल जा चुके हैं आरोपी
पीड़ित के पिता ने बताया कि जिन लोगों ने गोली मारी है, उनसे पहले भी विवाद हुआ था. पहले भी उन्होंने धमकी दी थी, जिसकी सूचना 112 पर दी गई थी. पुलिस ने थाने में एफआईआर करने को कहा था. थाने में एफआईआर भी कराई गई थी. उसी रंजिश के चलते उन्होंने दिवाली की रात इस वारदात को अंजाम दिया. जनकराज ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी 2-3 बार जेल जा चुके हैं.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित के पिता ने बताया कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस कार्रवाई में लगी है, लेकिन देरी हो रही है. परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है.
(मेरठ से पारस गोयल की रिपोर्ट)