)
गाजीपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सरेराह दुकान पर बैठकर समोसा खाना भी सुरक्षित नहीं रह गया है. सदर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर समोसा खा रहे एक युवक पर कार सवार बदमाश ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
रौजा इलाके में मृतक मोहम्मद कौसेन की जूते-चप्पल की दुकान थी. मृतक के पिता मोहम्मद दाऊद का कहना है कि शुभम ने दिवाली के दिन एक व्यक्ति के साथ मारपीट की थी.
समोसा खा रहे युवक पर फायरिंग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण खुद घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई. मीडिया से बातचीत में डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच हुई. मृतक दुकान पर बैठकर समोसा खा रहा था, तभी चारपहिया वाहन से पहुंचे एक युवक ने उस पर फायरिंग कर दी.
एक पुराना मामला भी हुआ उजागर
डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि घटना में करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद घायल युवक की मौत हो गई. डीआईजी के मुताबिक, मृतक पक्ष की तहरीर पर शुभम चौबे नाम के व्यक्ति को नामजद करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. इस वारदात में एक पुराना मामला भी सामने आया है.
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
डीआईजी ने बताया कि 2025 में मृतक पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगा था, जिसमें चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर बेखौफ होकर तीन राउंड फायरिंग करने वाला हमलावर आखिर कब पुलिस की गिरफ्त में आएगा? डीआईजी ने जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है.
(गाजीपुर से आलोक त्रिपाठी की रिपोर्ट)