App

यूपी में जहरीली हुई हवा: कानपुर-आगरा में AQI 480 के पार, लखनऊ में भी सांस लेना हुआ मुश्किल

यूपी में इन दिनों हवा जहरीली हो गई है. यहां कई शहरों में AQI 480 के पार पहुंच गया है. अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में यह जहरीली हवा कई बीमारियों को न्योता दे सकती है.

यूपी में जहरीली हुई हवा: कानपुर-आगरा में AQI 480 के पार, लखनऊ में भी सांस लेना हुआ मुश्किल

नवंबर की सुहानी ठंड के बीच उत्तर प्रदेश के आसमान पर जहर की एक ऐसी मोटी चादर तनी है, जो हर सांस के साथ आपके फेफड़ों को छलनी कर रही है. सुबह की पहली किरण के साथ दिखने वाली यह धुंध कोहरा नहीं, बल्कि जानलेवा प्रदूषण का वह खतरनाक जाल है, जिसमें पूरा यूपी फंस चुका है. प्रदेश के कई बड़े शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) इस हद तक खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है कि प्रशासन की नींद उड़ गई है.

कानपुर और आगरा में हालात सबसे बदतर
राजधानी लखनऊ में आज सुबह AQI 349 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है. हालांकि, लखनऊ से भी डरावनी तस्वीरें यूपी के दूसरे जिलों से सामने आ रही हैं. कानपुर में AQI का आंकड़ा सीधे 482 और आगरा में 475 तक जा पहुंचा है. 

इसके अलावा जौनपुर में 453, फैजाबाद में 442 और खैराबाद में 434 AQI पहुंच गया है. इनके अलावा कई अन्य शहरों में भी हवा बुरी तरह जहरीली हो चुकी है. वाराणसी में AQI 369 और मेरठ में 262  AQI दर्ज किया गया है. यानी साफ है कि अब यह समस्या सिर्फ एक शहर की नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए यह चिंता का सबब बनी हुई है.

हवा में क्यों घुल रहा है जहर?
मौसम का 'डबल गेम' और प्रदूषण का यह कॉकटेल कई वजहों से तैयार हुआ है. नवंबर की सुबह गिरता तापमान और हवा में मौजूद नमी प्रदूषण के कणों को जमीन के करीब बांध देती है. हवा की गति कम होने के कारण फैक्ट्रियों, वाहनों और निर्माण कार्यों से निकलने वाला धुआं वातावरण में ही तैरता रहता है. सड़कों की धूल, कंस्ट्रक्शन साइट्स और वाहनों का धुआं मिलकर एक खतरनाक लेयर बना लेते हैं. फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जो इस प्रदूषण को धोकर साफ कर सके.

सेहत के लिए कितना खतरनाक है PM2.5?
इस वक्त लखनऊ में PM2.5 का स्तर करीब 185 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर और PM10 करीब 223 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक दर्ज किया गया है. ये सूक्ष्म कण (PM2.5) इतने बारीक होते हैं कि सांस के जरिए शरीर के अंदर समा जाते हैं. यानी AQI का बढ़ना सिर्फ स्क्रीन पर दिखाई देने वाला आंकड़ा नहीं, इसका सीधा मतलब है कि हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है.

मौसम का गेम
सुबह के वक्त जब रातभर का जमा प्रदूषण और नमी आपस में मिलते हैं, तो यह समय सबसे ज्यादा संवेदनशील और खतरनाक हो जाता है. दिन चढ़ने के बाद धूप निकलने पर हवा में मामूली सुधार जरूर होता है, लेकिन सुबह की सैर करने वालों के लिए यह हवा किसी जहर से कम नहीं है. अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में यह जहरीली हवा गंभीर बीमारियों का सैलाब लेकर आ सकती है.

(लखनऊ से नंदन श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More