)
उत्तर प्रदेश के झांसी और संभल जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसों की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. एक मांगलिक घर की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं है.
झांसी में ट्रक से टकराई बाइक
पहला भयावह हादसा झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ललितपुर हाईवे पर राजपूत ढाबे के पास हुआ. बताया जा रहा है कि हाईवे पर एक ट्रक पहले से खराब हालत में खड़ा था. रात के अंधेरे में तेज रफ्तार बाइक अचानक खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए.
बहन की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे दोस्त
सूचना के बाद मौके पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को किसी तरह बाहर निकाल कर उन्हें आनन-फानन में इलाज के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मेडिकल परीक्षण के बाद राज, आयुष और हर्ष को मृत घोषित कर दिया. राज अपनी बहन की शादी के कार्ड देने के लिए तालवेहट गया था. घर लौटते समय रास्ते में ट्रक से टकराकर तीनों दोस्तों की मौत हो गई. 25 नवंबर को राज की बहन की शादी होनी है. फिलहाल पुलिस ने तीनों युवकों के शवों कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
उधर, संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में बबराला-गवां मार्ग पर कायनात इंटर कॉलेज के पास शाम करीब 7 बजे दूसरा दर्दनाक हादसा हुआ. अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहे दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.
सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को तुरंत सीएचसी रजपुरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 20 वर्षीय संजय को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय सौरव की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है.
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने परिजनों को सूचित कर अज्ञात वाहन की तलाश और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
(झांसी से अब्दुल सत्तार और संभल से सुनील सिंह की रिपोर्ट)