)
उत्तर प्रदेश में नशे के खिलाफ शिकंजा कसता जा रहा है. जगह-जगह अभियान चलाए जा रहे हैं. इसके तहत अयोध्या में एसटीएफ और पूरा कलंदर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान सुल्तानपुर-अयोध्या हाईवे पर बने भरतकुंड टोल प्लाजा के पास से 433 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है. इस जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है.
ट्रक की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक 14 टायरा ट्रक को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा यह ट्रक राजस्थान नंबर का है. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई है, जो हरियाणा के मेवात का रहने वाला है.
तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन और कुछ अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी मदद से पुलिस नेटवर्क की छानबीन कर रही है.
ओडिशा से जुड़े हैं तस्करी के तार
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि इस अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करते थे. भारी मात्रा में गांजे को एक जगह से दूसरी जगह तक आसानी से पहुंचाने के लिए बड़े ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा था.
अब पुलिस और एसटीएफ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ओडिशा में इस खेप का मुख्य स्रोत कौन है और उत्तर प्रदेश में इसे किन-किन जिलों या तस्करों तक पहुंचाया जाना था.
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
इस पूरे मामले में एक अन्य आरोपी इकरामुद्दीन का नाम भी उजागर हुआ है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. माना जा रहा है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों के बेनकाब होने से कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एसटीएफ की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है.